बेटी का था नामकरण... चली गई बिजली, लाइन ठीक करने पोल पर चढ़े और हुई मौत
पिथौरागढ़ के बक्सिल गांव में 35 वर्षीय मनोज राम की बिजली का तार ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई।

तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। ऊर्जा निगम के कार्यों में गंभीर लापरवाही के चलते आज तीन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर बक्सिल गांव निवासी 35 वर्षीय मनोज राम बिजली विभाग के ठेकेदार के अधीन लाइनों की देखरेख का कार्य करते थे।
मंगलवार को उनकी तीसरी बेटी का नामकरण था। इसी दौरान गांव और पेयजल लाइन को जोड़ने वाली विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया। इसे ठीक करने के लिए मनोज विद्युत पोल पर चढ़े, उन्होंने पोल पर चढ़ने से पहले शटडाउन भी लिया था। काम करने के दौरान ही अचानक लाइन में करंट आ गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर: दाह संस्कार में जा रहे दो लोग करंट की चपेट में आए, लाठी-डंडे मारकर बचाई गई जान
करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सालय पहुंचने तक उन्होंने दम तोड़ दिया। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए आंतरिक कमेटी का गठन कर दिया गया है।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इस मामले में जांच की जा रही है। इस घटना से बैक्सिल गांव में शोक की लहर छाई हुई है।
