बेमौसमी सब्जी उत्पादन को 50 पॉलीहाउस स्वीकृत, उद्यान विभाग को मिली 23.50 लाख की धनराशि
पिथौरागढ़ जिले की सीमांत तहसील मुनस्यारी में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शासन से पचास पॉलीहाउस के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : जिले की सीमांत तहसील मुनस्यारी में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार अब विशेष पहल कर रही है। सरकार ने बेमौसमी सब्जी उत्पादन पर विशेष फोकस करते हुए तहसील क्षेत्र के लिए 50 पॉलीहाउस की स्वीकृति दे दी है। इसके लिए उद्यान विभाग को धनराशि मिल गई है।
सीमांत मुनस्यारी के तल्ला जौहार क्षेत्र में सब्जी का अच्छा उत्पादन होता है। इसे और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने अब क्षेत्र को सब्जी बेल्ट के रू प में विकसित करने का निर्णय लिया है। सरकार पॉलीहाउस तकनीक के जरिए इस मुहिम को आगे बढ़ाएगी। पहले चरण में सरकार ने 50 किसानों को पॉलीहाउस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए उद्यान विभाग को 23.50 लाख की धनराशि जारी कर दी है। एक पॉलीहाउस पर लागत करीब 46 हजार आएगी। इसमें 90 प्रतिशत धनराशि सरकार देगी। 10 प्रतिशत धनराशि किसान को देनी होगी। विभाग ने प्रगतिशील किसानों का चयन शुरू कर दिया है। अभी तक 30 किसान चयनित हुए हैं। जनवरी अंत तक चयनित किसानों की सूची तैयार हो जाएगी। वित्तीय वर्ष के अंत तक पॉलीहाउस स्थापित कर लिए जाएंगे। ======== पॉलीहाउस लगाने के लिए सरकार से 23.50 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है। किसानों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वित्तीय वर्ष के अंत तक पॉलीहाउस लगा दिए जाएंगे।
-आरएस वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी