दो-दो प्रस्ताव फिर भी क्वारवन तक नहीं पहुंची सड़क, खिन्न ग्रामीणों ने मुख्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़ के क्वारवन गांव तक रोड निर्माण की मांग को लोगों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : विकास खंड मूनाकोट का क्वारवन गांव आज तक सड़क से नहीं जुड़ सका है। चार किमी. सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं कराए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कहा कि नेपाल सीमा से लगे क्वारवन को सड़क से जोड़ने के लिए कई दशकों से मांग की जा रही है। वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने गांव तक सड़क बनाए जाने की घोषणा की थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ा। इसके बाद पीएमजीएसवाई से सड़क बनाने को लेकर प्रस्ताव तैयार किया गया, यह प्रस्ताव भी फाइलों में ही कैद रह गया। ग्रामीणों को आज भी सड़क तक पहुंचने के लिए चार किमी. की चढ़ाई पार करनी पड़ रही है। सड़क नहीं होने से तमाम परेशानियां झेल रहे गांव के लोग धीरे-धीरे पलायन कर रहे हैं। यही स्थिति बनी रही तो सीमा क्षेत्र का यह गांव जल्द ही खाली हो जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य रू क्मणी जोशी, मोहन सिंह मेहता, कल्याण सिंह ऐर, फकीर सिंह रावत, हरि सिंह महर, दीवान सिंह, जमन सिंह रावत, भगवान सिंह ऐर, महेंद्र राम, देवराम, रमेश राम, प्रमोद कुमार, सुनील सिंह मेहता, भगवान सिंह मेहता, लाल सिंह ऐर, श्याम सिंह महर, हर सिंह, शंकर सिंह, चंचल सिंह आदि शामिल थे। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह ने कहा है कि गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए योजनाएं चल रही हैं। क्वारवन को इन योजनाओं में शामिल किया जाएगा।