हाईवे बंद होने से यात्रियों को झेलनी पड़ रही है परेशानी
गुरना के पास सड़क चौड़ीकरण के लिए छह घंटे तक हाईवे बंद रहा। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: गुरना मंदिर के निकट सड़क चौड़ीकरण के लिए छह घंटे तक हाईवे बंद किए जाने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नाराज यात्रियों ने हाईवे बंद करने की जगह दूसरा विकल्प तलाशे जाने की जरू रत बताई है।
गुरना मंदिर के निकट सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए इन दिनों चट्टान काटने का कार्य चल रहा है। 10 अक्टूबर से हाईवे प्रात: 8.30 बजे से 2.30 बजे तक बंद कर दिया जा रहा है। पहले इसके लिए 16 अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाने के कारण अब इसे 21 अक्टूबर तक बढ़ाया गया है। इस बीच त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। तमाम लोग नवरात्र पर अपने घरों को लौट रहे हैं या पिथौरागढ़ से बाहरी जनपदों को प्रस्थान कर रहे हैं। कई कारणों से वाहन लेट हो जाने के कारण हर रोज सैकड़ों वाहन घाट और ऐंचोली में रोक दिए जा रहे हैं। लंबी दूरी की यात्रा कर लौट रहे यात्रियों को इस समस्या के चलते खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को। मार्ग पर कहीं भी यात्रियों के विश्राम के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यात्री वाहनों में ही छह घंटे का समय बिता रहे हैं। मार्ग में फंस रहे यात्रियों ने मीडिया को फोन कर इस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। यात्रियों ने कहा कि बगैर विकल्प के एनएच को बंद करना उचित नहीं है। कई लोग आपातकालीन स्थितियों में सफर कर रहे हैं। यात्रियों ने कहा है भविष्य में एनएच बंद करने की जगह कोई दूसरा विकल्प तलाशा जाए।