नाबार्ड की ये योजना किसानों को कर देगी मालामाल, बेहद कम कीमत में दिए जा रहे पॉलीहाउस
नाबार्ड पॉलीहाउस योजना चंपावत के किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है।

अब तक 130 कृषकों के आवेदन प्राप्त, बारिश थमते ही शुरू होगी पॉलीहाउस लगाने की प्रक्रिया। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, चंपावत । किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में सरकार की ओर से संचालित नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के माध्यम से जनपद के किसानों को संरक्षित खेती से जोड़कर पॉलीहाउस उपलब्ध कराए जाएंगे। अब तक 130 कृषकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
बारिश का दौर थमने के बाद पॉलीहाउस लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के अंतर्गत कृषकों की आवश्यकता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार 50 वर्ग मीटर, 100 वर्ग मीटर एवं 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के पॉलीहाउस स्थापित किए जाने हैं। पॉलीहाउस के माध्यम से किसान कम क्षेत्रफल में भी बेहतर गुणवत्ता की सब्जियों एवं अन्य उद्यान फसलों का उत्पादन कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।
‘अपणी सरकार’ पोर्टल पर करें आवेदन
आवेदन प्रक्रिया ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के माध्यम से आनलाइन संचालित की जा रही है। इच्छुक कृषक पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- पॉलीहाउस से बढ़ेगी किसानों की आय, लखीमपुर में संरक्षित खेती का सफल मॉडल तैयार
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि किसान को निर्धारित 20 प्रतिशत अंशदान स्वयं वहन करना होगा। वर्तमान अनुमान के अनुसार 50 वर्ग मीटर पॉलीहाउस के लिए कृषक अंशदान लगभग 19 हजार तथा 100 वर्ग मीटर पॉलीहाउस के लिए लगभग 35 हजार हो सकता है। उन्होंने इच्छुक कृषकों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि पात्रता, आनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य जानकारी के लिए उद्यान सचल दल केन्द्र अथवा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पॉलीहाउस किसानों के लिए मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी संरक्षित वातावरण में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्यान विभाग को पात्र एवं इच्छुक कृषकों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवेदन से लेकर पॉलीहाउस स्थापना तक सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
