विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-चीन सीमा के पास पिथौरागढ़ में अचानक टूटी पहाड़ी, सड़क पर गिरे बड़े बोल्डर

Published: Tue, 21 Jul 2026 05:46 PM (IST)

पिथौरागढ़ में भारी बारिश के कारण भारत-चीन सीमा के पास तवाघाट और थल-मुनस्यारी सहित कई सड़कें भूस्खलन से अवरुद्ध हो गईं, जिससे आवाजाही ठप हो गई।

HighLights

  1. पिथौरागढ़ में भारी बारिश से भूस्खलन, सड़कें अवरुद्ध

  2. तवाघाट, थल-मुनस्यारी मार्ग पर आवाजाही घंटों बाधित

  3. रामगंगा नदी उफान पर, तटीय क्षेत्रों में अलर्ट

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के बीच मंगलवार को चीन सीमा को जोड़ने वाले तावाघाट-तिदांग मार्ग पर पम्पाबे के पास एक पहाड़ दरक गया। जिससे मार्ग बाधित हो गया। इसका वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

वहीं, तवाघाट से लेकर थल-मुनस्यारी रोड तक जगह-जगह भारी मलबा आ गया, जिससे सीमांत जनपद का संपर्क कट गया और घंटों आवाजाही पूरी तरह ठप रही। जिससे यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तवाघाट के समीप (धारचूला की ओर लगभग एक किलोमीटर) पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर आने के कारण मार्ग पूर्ण रूप से अवरुद्ध हो गया था।

सूचना मिलते ही संबंधित कार्यदायी संस्था ने तुरंत जेसीबी और पोकलैंड मशीनें मौके पर तैनात कीं। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू रूप से खोल दिया गया, जिससे फंसे हुए दर्जनों वाहनों को राहत मिली।

दूसरी ओर, बारिश के कारण अन्य संपर्क मार्गों पर भी संकट गहराया हुआ है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर रातीगाड़ के पास स्थिति अत्यंत विकट बनी हुई है, जहां भू-कटाव के चलते सड़क का नामोनिशान तक मिट गया है।

मार्ग पूरी तरह ध्वस्त होने से मुनस्यारी का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कटा हुआ है और राहगीरों के लिए आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।

उधर, लगातार हो रही बारिश के चलते हडरिया नाले के उफान पर आने से रामगंगा नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ है, जिससे तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः 8 बजे तक जिले के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

बंगापानी तहसील में सर्वाधिक 65.0 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा देवलथल में 59.0 मिमी, कनालीछीना में 55.6 मिमी, धारचूला में 42.8 मिमी, बेरीनाग में 32.0 मिमी, गणाई गंगोली में 30.0 मिमी, पिथौरागढ़ मुख्यालय में 29.0 मिमी, गंगोलीहाट में 28.0 मिमी, तेजम में 26.0 मिमी, मुनस्यारी में 24.2 मिमी, थल में 21.0 मिमी और डीडीहाट में 17.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी का क्रम जारी है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तीसरे दिन खुला कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग, 5वां यात्रा दल पहुंचा टनकपुर

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़: जंगल में बकरी चरा रहे ग्रामीण पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर ही हुई मौत