Move to Jagran APP

कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर चार फीट हिमपात

जागरण संवाददाता पिथौरागढ़ सीमांत में मौसम खराब हो गया है। उच्च हिमालय में भारी हिमपात हो रह

By JagranEdited By: Published: Tue, 19 Mar 2019 11:27 PM (IST)Updated: Tue, 19 Mar 2019 11:27 PM (IST)
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर चार फीट हिमपात

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: सीमांत में मौसम खराब हो गया है। उच्च हिमालय में भारी हिमपात हो रहा है। धारचूला के व्यास घाटी में भारी हिमपात हो रहा है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छियालेख के पास चार फीट बर्फ गिर चुकी है। मुनस्यारी सहित कई स्थानों पर झमाझम बारिश हो रही है। टनकपुर -तवाघाट हाईवे पर पिथौरागढ और धारचूला के मध्य गुड़ौली के पास चट्टान तोड़ने के लिए की गई ब्लास्टिंग से पहाड़ का मलबा टूट कर सड़क पर आ गया है। मार्ग बंद हो गया है। सौ के आसपास वाहन फंस गए हैं। जिसमें रोडवेज बसें भी शामिल हैं।

loksabha election banner

धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी व्यास और दारमा घाटी में भारी हिमपात जारी है। छियालेख में चार फीट हिमपात हो चुका है। धारचूला से अपने मकानों की जानकारी लेने जा रहे स्थानीय ग्रामीण चार फीट ताजे बर्फ में चल कर आगे को रवाना हो सके हैं। इसके अलावा गुंजी, गब्र्यांग, कुटी, नाबी, नपलच्यू, रोंगकोंग, नाबीढाग, लिपूलेख में भारी हिमपात जारी है। यह क्षेत्र अभी कई फीट बर्फ से ढका है ऊपर से ताजा हिमपात से क्षेत्र का शेष दुनिया से सम्पर्क भंग हो चुका है।

मुनस्यारी से मिले समाचारों के अनुसार हिमालय की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसालिंग, राजरंभा सहित अन्य चोटियों में सहित मिलम, रालम सहित उच्च हिमालय में हिमपात हो रहा है। अन्यत्र झमाझम बारिश हो रही है। इधर टनकपुर -तवाघाट हाईवे पर पिथौरागढ़ और धारचूला के मध्य गुड़ौली के पास बीआरओ द्वारा पुल निर्माण के दौरान मंगलवार सायं को चट्टान तोड़ने के लिए बारूदी विस्फोट किया गया। विस्फोट इतना तीव्र रहा कि गुड़ौली गांव के ग्रामीणों के मकान तक हिलने लगे। विस्फोट के दौरान पहाड़ का मलबा सड़क पर आ गया और मार्ग बंद हो गया है।

सायं के समय हुई इस घटना से दोनों तरफ सौ के आसपास वाहन फंस गए हैं। सायं को पिथौरागढ़ से धारचूला, डीडीहाट, ओगला, अस्कोट, भागीचौरा, जौलजीवी व अन्य स्थानों को जाने वाले वाहन फंस गए हैं। वहीं धारचूला, डीडीहाट की तरफ से आने वाले वाहन भी फंसे हैं। पिथौरागढ़ से जाने वाले वाहन वापस कनालीछीना लौट कर वाया देवलथल, थल होते 45 किमी अतिरिक्त चल कर डीडीहाट और धारचूला को जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि धारचूला की तरफ से आ रहे वाहन भी वापस लौट कर ओगला, डीडीहाट, थल होते पिथौरागढ़ को आ रहे हैं। चरमा, जौरासी, बंदरलीमा, मलान आदि स्थानों को जाने वाले यात्री अपने गांवों को पैदल रवाना हो चुके हैं। क्षेत्र में मौसम भी खराब है और बारिश हो रही है। धारचूला जाने वाली रोडवेज बसें भी फंसी हैं। बीआरओ मलबा हटा रहा है, परंतु विशाल बोल्डरों के सड़क पर जमा होने से मार्ग के जल्दी खुलने की संभावना नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.