अंतरराष्ट्रीय पायलट शंकर ने भरी सफल उड़ान, कहा-पैराग्लाइडिंग के लिए सोर घाटी का विकल्प बनेगी रामगंगा घाटी
अंतरराष्ट्रीय पैरागलइडर शंकर ने पिथौरागढ़ के रामगंगा घाटी क्षेत्र में सफल उड़ान भर यहां पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं जताई।
अंतरराष्ट्रीय पायलट शंकर ने भरी सफल उड़ान
पिथौरागढ़, जेएनएन : नैनी सैनी हवाई पट्टी से विमान सेवा शुरू होने के बाद सोर घाटी के आसमान में खत्म हो चुकी पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं फिर आकार लेनी लगी है। अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग पायलट शंकर ने जिले की रामगंगा घाटी क्षेत्र में सफल उड़ान भरकर नए क्षेत्र की पहचान की है।
पूर्व में सोरघाटी को पैराग्लाइडिंग के लिए बेहद उपयुक्त स्थल पाया गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी यहां कराई गई। पैराग्लाइडिंग के जरिए पर्यटकों को आकर्षित करने की मुहिम चल ही रही थी कि नैनी सैनी से विमान सेवा शुरू हो जाने से इस क्षेत्र को पैराग्लाइडिंग के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। लगभग ठप पड़ चुकी पैराग्लाइडिंग को फिर से पुनर्जीवित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के पायलट शंकर सिंह कोशिश में लगे थे। उन्होंने सोर घाटी से लगी हुई रामगंगा घाटी क्षेत्र में कई उड़ान भरने के बाद इसे इस उपयुक्त पाया। शंकर ने बताया कि जाख क्षेत्र से मुवानी क्षेत्र तक आसानी से उड़ान भरी जा सकती है। इस घाटी क्षेत्र में उड़ान भरने और लैंडिंग करने के लिए कई उपयुक्त स्थल हैं। घाटी क्षेत्र होने से यहां हवा की गति भी बेहतरीन है। उन्होंने शुक्रवार को इस क्षेत्र में उड़ान भरने के बाद कहा कि यहां न्यूनतम सुविधाओं का विकास कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा सकती हैं।