पिथौरागढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू
छह सूत्रीय मांगों को लेकर पिथौरागढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शनिवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : छह सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शनिवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हो जाता वह काम पर नहीं लौटेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाल विकास मंत्री रेखा आर्या द्वारा दिए गए बयान की भी निंदा करते हुए आक्रोश प्रकट किया।
शनिवार को विण ब्लॉक अध्यक्ष हेमा पांडेय के नेतृत्व में स्थानीय टकाना रामलीला मैदान में एकत्र कार्यकर्ताओं ने सरकार के जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा संगठन लंबे समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी घोषित किए जाने, श्रम कानून के अंतर्गत वेतन, पेंशन, श्रम कानूनों में कटौती बंद किए जाने, श्रम कोड व वेज एक्ट वापस लेने, समान कार्य समान वेतन दिए जाने, आइसीडीएस के निजीकरण पर रोक, मिनी कार्यकर्ता को समान वेतन, अन्य विभागों के कार्य न दिए जाने की मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इन समस्याओं का समाधान करने के बजाए प्रदेश की बाल विकास मंत्री रेखा आर्या इस तरह की बयानबाजी कर कार्यकर्ताओं के मनोबल पर ठेस पहुंचा रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर हेमा, पूनम, सरिता, दीपिका जोशी, मंजू, पूनम शर्मा, हंसी, नीमा खत्री आदि शामिल थे।
गंगोलीहाट: यहां ब्लॉक अध्यक्ष दीपा पंत के नेतृत्व में कार्य बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिसमें गंगा, जीवंती, पुष्पा, ममता, हेमा परगाई, हेमा भट्ट, गीता पंत, निर्मला देवी आदि शामिल रहे।