उच्च हिमालयी क्षेत्र में फिर भारी हिमपात
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : बुधवार से मौसम का मिजाज बदल चुका है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : बुधवार से मौसम का मिजाज बदल चुका है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी हिमपात हो रहा है। अन्यत्र घने बादल छाए रहने से जिले भर में कड़ाके की ठंड का असर है। जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बुधवार सुबह से ही यहां आसमान बादलों से घिरा था और शीत लहर का प्रकोप बना था। इस दौरान हिमालय की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसालिंग, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट सहित दारमा और व्यास की चोटियों पर हिमपात हुआ। जिसके चलते सुबह से ही ठंड का असर रहा। दोपहर के आसपास एकबार हल्की धूप खिली परंतु फिर आसमान बादलों से घिर गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। अपरान्ह दो बजे के बाद से एकबार फिर आसमान घने बादलों से ढक गया। उधर उच्च हिमालयी क्षेत्र में दारमा, व्यास, जौहार में हिमपात हो रहा है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में छियालेख से आगे हिमपात हो रहा है। हिमपात के चलते चल रही ठंडी हवाओं से पारा लुढ़क गया है और तापमान में गिरावट आने लगी है। जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में कड़ाके की ठंड से बाजारों में चहल पहल कम है। मौसम को देखते हुए रात तक बारिश की संभावना जताई जा रही है।