भारी बारिश ने बढ़ाई दुश्वारियां
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: जिले भर में पिछले कई घंटों से हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: जिले भर में पिछले कई घंटों से हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट आ चुकी है। सितंबर माह में दिसंबर जैसी ठंड का अहसास हो रहा है। लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो चुके हैं। लगातार बारिश से बाजार सुनसान पड़े हैं तो यातायात भी प्रभावित है। वहीं खेत और खलिहानों में फसल के सड़ने के अंदेशा से काश्तकार परेशान हैं। उच्च हिमालय की चोटियों में लगातार हिमपात हो रहा है।
सीमांत जिले में शनिवार की रात से ही लगातार बारिश हो रही है। अभी बारिश का वेग काफी तेज नहीं है परंतु रविवार सुबह दस बजे के पास से बारिश का वेग भी तेज हो चुका है। लगातार बारिश से आम जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। जिले के सभी बाजार सुनसान पड़े हैं। वहीं मौसम को लेकर सफर के लिए लोग घरों से कम निकल रहे हैं। जिसके चलते यातायात भी प्रभावित हुआ है। घाटी वाले क्षेत्रों में खलिहान में जमा फसल और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पकने को तैयार फसल के बर्बाद होने के आसार हैं।
मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के चलते यहां पर तापमान में काफी गिरावट आ चुकी है। वहीं उच्च हिमालय में नंदा देवी, नंदा कोट, बृजगंग, पंचाचूली चोटियों में हिमपात जारी है। मौसम के ऐसा ही रहने पर अन्य चोटियों में भी हिमपात की संभावना बनी है। माइग्रेशन में उच्च हिमालय में प्रवास कर रहे ग्रामीण घाटियों में आने की तैयारी करने लगे हैं। धारचूला में भी व्यास और दारमा की चोटियों में हिमपात हो रहा है। लिपूलेख टॉप से नावीढांग टॉप तक बीते रोज से ही हिमपात जारी है। कैलास मानसरोवर यात्रा के 49 यात्री दूसरे दिन भी गुंजी में ही फंसे रहे पिथौरागढ़: कैलास मानसरोवर यात्रा के 17वें और 18वें दल के दल के 49 यात्री मौसम के चलते दूसरे दिन भी गुंजी में ही फंसे रहे। रविवार को सुबह से ही मौसम खराब होने से हैलीकॉप्टर नहीं उड़ सके । दोनों दलों के यात्री शुक्रवार को कैलास मानसरोवर की परिक्रमा पूरी कर भारत लौट आए थे। यात्री इस समय गुंजी में हैं और मौसम खुलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम के खराब रहने के आसार हैं। गुंजी में फंसे 49 यात्रियों में 22 यात्री 17वें दल के और 27 यात्री 18वें दल के हैं। दोनों दलों में 12 महिलाएं भी शामिल हैं।