दो मार्च से हड़ताल करेंगे जनरल-ओबीसी कर्मचारी, गेट मिटिंग में कर्मचारियों ने किया एलान
पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में पिथौरागढ़ में जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने दो मार्च को हड़ताल का एलान किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने दो मार्च से हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग कर कर्मचारियों से अपील की गई।
शनिवार को एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रदीप भट्ट और जिला महामंत्री बिजेंद्र लुंठी के नेतृत्व में कार्मिकों ने विकास भवन, लोनिवि , उद्यान, पशुपालन, शिक्षा, जिला अस्पताल, कलक्ट्रेट, कोषागार, सिंचाई विभाग और वन विभाग में जाकर सम्पर्क किया। इस मौके पर सात फरवरी 2020 को पदोन्नति के मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय सामान्य एवं ओबीसी के पक्ष में आने के बाद राज्य सरकार पर पदोन्नति बहाल करने की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं करने का आरोप लगाया गया। इस मौके पर सरकार ही नहीं अपितु सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी पर भी न्यायपालिका के निर्णय के स्थान पर वोट बैंक की खातिर राजनीति करने का आरोप लगाया गया। कर्मचारियों ने कहा कि कर्मचारी सरकार से वार्ता रैली, कैंडल मार्च तक निकाल चुके हैं। इसके बाद भी सरकार सकारात्मक रवैया नहीं अपना रही है।
गेट मीटिंग के दौरान कहा गया कि अब केवल हड़ताल ही एकमात्र विकल्प है। सरकार ने विगत सात माह से पदोन्नति पर रोक लगाई है। जिसके चलते जिले में 25 से अधिक कार्मिक बिना सेवानिवृत्ति के सेवानिवृत्त हो चुके हैं। विभिन्न विभागों में मार्च माह के अंत में भी कई कर्मचारी सेवानिवृत्त्त होने वाले हैं। जिस कारण केवल हड़ताल ही एकमात्र रास्ता है। महामंत्री बिजेंद्र लुंठी ने कहा कि दो मार्च से होने वाली हड़ताल में सभी विभागों के कर्मचारी शिरकत करने वाले हैं। पांच मार्च से आवश्यक सेवाओं वाले कर्मी भी हड़ताल में कूद जाएंगे। गेट मीटिंग करने वालों में कैलाश पंत, केएस अधिकारी, इं. दिनेश जोशी, ललित शर्मा, एमपीएस डोभाल, सौरभ चंद, ज्योति पांडेय, एससी पंत, सुरेंद्र भाकुनी आदि शामिल थे।