खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, मकान में लगी आग
जासं पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से लगभग आठ किमी दूर मझेड़ा नाकोट में खाना बनाते समय अचानक गै
जासं, पिथौरागढ़: जिला मुख्यालय से लगभग आठ किमी दूर मझेड़ा नाकोट में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया। जिससे मकान में आग लग गई और खाना बना रहा ग्रामीण झुलस गया।
मंगलवार दोपहर बाद मझेड़ा गांव निवासी गोपाल राम के घर पर खाना बन रहा था। खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। सिलेंडर फटने से आई आवाज से आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल गए। आस पड़ोस के लोग तेज आवाज आने से डर गए। जब बाहर निकले तो गोपाल राम के मकान में आग लग थी और धुआं उठ रहा था। इसी दौरान गोपाल राम खिड़की से कूदता नजर आया। गोपाल राम ने बताया कि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फट गया और तेज आवाज हुई। जिससे मकान में आग लग गई ।
ग्रामीण आग बुझाने में जुटे और सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल गया था। आग लगने के बाद घर में फंसे गोपाल राम ने खिड़की से बाहर को कूद मार दी। इस दौरान उनका चेहरा और पांव झुलस गए थे। 108 चिकित्सा वाहन को बुलाकर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार गोपाल राम की हालत सामान्य है। वहीं ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर फटने की जांच की मांग की है । साथ आग लगने से मकान में हुई क्षति की पूर्ति की मांग की है। मकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका है।