गुड़ौली के जंगल में धधकी आग, बारिश से हुई काबू
पिथौरागढ़ के गुड़ौली गांव के जंगल आग की चपेट में आ गए।
पिथौरागढ़, जेएनएन : विकास खंड कनालीछीना के गुड़ौली गांव के जंगल आग की चपेट में आ गए। देर रात हुई हल्की बारिश के बाद आग काबू में आ गई। आगे से कई पेड़ जल गए।
शुक्रवार की देर सायं गुड़ौली गांव के नजदीक के जंगल में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग बड़े हिस्से में फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। रात होने के कारण वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई। देर रात हुई हल्की बारिश के बाद आग खुद ही बुझ गई। आग से कई पेड़ों को नुकसान हुआ है। तापमान बढ़ने के साथ अब जिले के जंगलों में आग लगने की घटनाएं होने लगी हैं। इससे पूर्व जिला मुख्यालय के आठगांवशिलिंग क्षेत्र के जंगल आग की चपेट में आ चुके हैं। इस वर्ष एक सप्ताह के अंतराल में हो रही बारिश के चलते बीते वर्ष की तुलना में जंगलों में आग लगने की घटनाएं कम हुई हैं। जंगलों में नमी का स्तर अधिक है। तापमान बढ़ने के साथ जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। ======== गुड़ौली के नजदीक जंगल में आग लगने की सूचना पर टीम को मौके पर जाने के निर्देश दिए गए थे, आग बड़ी नहीं थी। टीम के मौके पर पहुंचने के साथ ही आग बुझ गई। सभी वन क्षेत्राधिकारियों को जंगलों में आग की संभावना को देखते हुए सतर्क कर दिया गया है।
- विनय भार्गव, प्रभागीय वनाधिकारी, पिथौरागढ़