पेयजल लाइन की लीकेज हुई दूर अब ओवरफ्लो ने बढ़ाई दिक्कत
पिथौरागढ़ नगर में पेयजल लाइन की लीकेज ठिक होने के बाद अब ओवरफ्लो ने दिक्कत बढ़ा दी है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : घंटाकरण क्षेत्र में मुख्य लाइन से हो रही पेयजल लीकेज की समस्या का समाधान होने के बाद अब जिला चिकित्सालय के समीप पेयजल टैंक से ओवरफ्लो की समस्या खड़ी हो गई है। टैंक से हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद होकर सड़कों पर बह रहा है। सूचना देने के बाद भी ओवरफ्लो रोकने की पहल नहीं हुई है।
नगर का सबसे पहला पेयजल टैंक जिला चिकित्सालय परिसर के समीप बनाया गया था। इस टैंक से आज भी बड़ी आबादी को पेयजल की आपूर्ति होती है। पिछले दो दिनों से इस टैंक में पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। जिसके चलते अस्पताल आने वाले लोगों के साथ ही स्कूल आने जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। आस-पास के लोगों ने पानी ओवर फ्लो होने की सूचना जल संस्थान को दी, लेकिन बुधवार को भी इस समस्या को दूर नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने आंवलाघाट से भारी धनराशि खर्च कर पिथौरागढ़ शहर तक लाए जा रहे पानी की इस बर्बादी पर गहरी नाराजगी जताई है।
इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने कहा कि टैंक काफी पुराना हो गया है। टैंक से लिकेज की आशंका है। इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने ओवरफ्लो की स्थिति से इन्कार किया है।