हुड़ेती के दो सौ परिवार बेपानी, आक्रोश
पिथौरागढ़ नगर से लगे हुड़ेती में जबरदस्त पेयजल संकट बना हुआ है।
जासं, पिथौरागढ़ : नगर से लगे हुड़ेती में जबरदस्त पेयजल संकट बना हुआ है। एक सप्ताह से नालों में पानी नहीं आ रहा है। हुडे़ती के दो सौ परिवारों के सम्मुख पीने तक का पानी जुटाना मुश्किल हो चुका है। पीने के लिए एक बर्तन पानी जुटाने के लिए घंटों खड़ा रहना पड़ रहा है।
नगर से सटे हुड़ेती में नाले किनारे लगभग दो सौ परिवार रहते हैं। सभी परिवार एक सप्ताह से पानी के लिए तरस गए हैं। इस क्षेत्र के नलों में पानी नहीं आ रहा है। जिसके चलते पीने भर पानी जुटाना क्षेत्रवासियों के लिए मुश्किल हो चुका है। एक स्टैंड पोस्ट में आने वाले पानी को पाइप के सहारे बर्तन भर रहे हैं। नल में पानी काफी कम आने से सभी के बर्तन तक नहीं भर पा रहे हैं। इन दिनों सुबह कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के बीच लोग पीने भर पानी जुटाने के लिए लाइन में लगे रहते हैं।
क्षेत्र की क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी का कहना है कि इस संबंध में जल संस्थान को सूचना दे दी गई है। पांच दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी संस्थान ने कोई सुध नहीं ली है। उनका कहना है कि ग्रामीण एक बर्तन पानी के लिए सुबह कड़ाके की ठंड में घंटों तक लाइन लगाने को मजबूर हैं। समाज सेवी दीवान का कहना है कि लाइन में आई खराबी तक का जल संस्थान संज्ञान नहीं ले रहा है। वर्तमान में नगर में पेयजल की समस्या नहीं है। आंवला घाट से पानी आ रहा है, परंतु हुड़ेती के दो सौ परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। दो दिन के भीतर व्यवस्था नहीं सुधरने पर जल संस्थान कार्यालय के सम्मुख खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। इधर जल संस्थान का कहना है कि नलों में पानी कम आने का पता लगाया जा रहा है।