मुनस्यारी उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई भंग, शीघ्र होगा नई कार्यकारिणी का गठन
मुनस्यारी उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री पद पर मनोनयन के बाद जिलाध्यक्ष ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया।
मुनस्यारी, जेएनएन : उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री पद पर मनोनयन के बाद जिलाध्यक्ष ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। नई कार्यकारिणी के गठन की कवायद शुरू हो गई है।
उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष नवीन वर्मा ने पिथौरागढ़ जिला इकाई के लिए पवन जोशी को अध्यक्ष और जनक जोशी को महामंत्री का दायित्व सौंपा। मनोनयन पर पवन जोशी ने प्रांतीय अध्यक्ष नवीन वर्मा और महामंत्री प्रकाश मिश्रा का आभार जताते हुए कहा कि प्रांतीय नेतृत्व ने जो दायित्व सौंपा है उसे पूरी कर्मठता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा करते हुए कहा कि शीघ्र ही नई जिला इकाई का गठन कर लिया जाएगा। पवन जोशी और जनक जोशी को दायित्व मिलने पर फोटोग्राफर एसोसिएशन के जिला संयोजक नवल रावल सहित तमाम व्यापारियों ने खुशी जताई है।
इधर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शमशेर महर ने जिलाध्यक्ष और महासचिव पद पर मनोनयन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मनमाने ढंग से थोपे गए पदाधिकारियों को व्यापारी स्वीकार नहीं करेंगे। मनोनयन के लिए व्यापारियों से कोई राय नहीं ली गई है और इस तरह की प्रकिया पिछले तीन वर्षों से अपनाई जा रही है।