जिला मुख्यालय के निकटवर्ती लम्पाटा गांव का सम्पर्क भंग
जिले में वर्षा का कहर जारी है। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती लम्पाटा गांव को जोड़ने वाला सम्पर्क मार्ग ध्वस्त होने से गांव का सम्पर्क भंग है।
पिथौरागढ़, जेएनएन: जिले में वर्षा का कहर जारी है। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती लम्पाटा गांव को जोड़ने वाला सम्पर्क मार्ग ध्वस्त होने से गांव का सम्पर्क भंग है।
लम्पाटा जिला मुख्यालय का निकटवर्ती गांव है। इस गांव का मार्ग टनकपुर-तवाघाट एनएच से जुड़ा हुआ है। शनिवार की हल्की वर्षा से लम्पाटा जाने वाला मार्ग ध्वस्त हो गया। इससे लम्पाटा सहित आसपास के साठ से अधिक परिवारों का गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो चुका है। ग्रामीण साग, सब्जी और फल बेचने पिथौरागढ़ लाते हैं। मार्ग बंद होने से यह सब बंद हो गया है। एनएच से होकर जाने वाले मार्ग के ध्वस्त होने से अब गांव के लिए वैकल्पिक मार्ग की आवश्यकता है। रविवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता, राजस्व उप निरीक्षक थरकोट परवेज खान, प्रधान भट्यूड़ा भरत कुमार आदि ने मार्ग का निरीक्षण किया और लम्पाटा के लिए वैकल्पिक मार्ग के संबंध में चर्चा की। जिपं उपाध्यक्ष कोमल ने पटवारी से वैकल्पिक मार्ग हेतु भूमि की नापजोख कर शीघ्र कार्यवाही करने को कहा है।