धारचूला में महिला की हत्या कर पुल के पास फेंका, लिव-इन पार्टनर फरार; जांच में जुटी पुलिस
धारचूला के खोतिला में एक 33 वर्षीय महिला मीना लोहार की हत्या कर शव पुल के पास फेंक दिया गया। ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
खोतिला में 33 वर्षीय महिला का शव बरामद।
मृतका के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान।
लिव-इन पार्टनर देवराज नबियाल पर हत्या का आरोप।
संवाद सूत्र, धारचूला। नगर के निकटवर्ती खोतिला में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। शुक्रवार सुबह खोतिला जाने वाले पुल के पास एक 33 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ, जिसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे।
मृतका की शिनाख्त नेपाल के दार्चुला (सुनसेरा) निवासी मीना लोहार पत्नी मोहन राम के रूप में हुई है। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मीना पिछले करीब तीन साल से अपने पति से अलग होकर खोतीला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी।
घटना के बाद से आरोपित देवराज फरार चल रहा है। पुलिस की फील्ड यूनिट ने जब आरोपी के घर पहुंचकर जांच की, तो बेड और फर्श पर खून के धब्बे मिले। साक्ष्य के तौर पर पुलिस ने मौके से खून लगे फर्श के टुकड़े, तकिया और गद्दे के कपड़े जब्त कर लिए हैं।
धारचूला कोतवाली के एसआई अंबी राम ने बताया कि मृतका के बेटे सुभाष राम की तहरीर पर आरोपित देवराज के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। शुक्रवार सांय को महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया गया है।