गैरसैंण के ग्रीष्मकालीन राजधानी बनने से पहाड़ी क्षेत्र का होगा विकास : केदार जोशी
केएमवीएन के अध्यक्ष केदार जोशी ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने के लिए सीएम का आभार जताया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : केएमवीएन के अध्यक्ष केदार जोशी ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण के ग्रीष्मकालीन राजधानी बनना पहाड़ में विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
जोशी ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को आभार पत्र भेज कर कहा है कि इस निर्णय से पलायन की गति पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को सरकार द्वारा जिस तरह रोडवेज की बसों से घर तक पहुंचाया गया यह अति सराहनीय कदम रहा है। उन्होंने सीएम से बाहर से आए प्रवासियों और स्थानीय बेरोजगारों के लिए सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों पर कार्य होते ही पलायन पर रोक लगने के पूर्ण आसार हैं। आने वाले समय में प्रदेश में सामान्य पर्यटन, धार्मिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन बढ़ेगा। पत्र में उन्होंने सीएम से साहसिक पर्यटन को विशेष बढ़ावा देने का अनुरोध किया है।
केएमवीएन अध्यक्ष ने केएमवीएन और जीएमवीएन को दो करोड़ और परिवहन निगम को पांच करोड़ की धनराशि दिए जाने पर आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना काल में दोनों निगमों की स्थिति खराब हो गई थीे और आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी थी। इस राशि से स्थिति में सुधार होगा।