बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पीएम और सीएम का पुतला
बढ़ती महंगाई के विरोध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पिथौरागढ़ मुख्यालय में प्रदर्शन कर विरोध जताया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : बढ़ती महंगाई के विरोध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। पार्टी ने बढ़ती महंगाई पर जल्द अंकुश नहीं लगाए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर की अगुवाई में स्टेशन में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए महंगाई पर पूरे देश में बवाल खड़ा कर देने वाली भाजपा और आज आलू का दाम 50 रुपये किलो तक पहुंच जाने के बाद भी खामोश है। देश के गरीब आदमियों के लिए सब्जी खरीद पाना भी मुश्किल हो रहा है। सब्जियों के साथ ही खाद्यान्न सामग्री के मूल्य भी लगातार बढ़ रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री लगातार बढ़ रही महंगाई पर खामोश हैं। प्रदेश की सरकार भी कोई राहत लोगों को नहीं दे रही है। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई को काबू करने लिए जल्द पहल नहीं की गई तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। कांग्रेसियों ने कहा कि महंगाई के साथ-साथ बेरोजगारी भी चरम पर है। युवा लोग नौकरी के खातिर इधर उधर भटक रहे है। किसान भी मनमानी नीतियों से परेशान है। लेकिन भाजपा सरकार किसी भी वर्ग के लिए चुप्पी साधे हुई है। सीमांत में पहले से ही मैदानी क्षेत्रों की उपेक्षा सामग्री महंगी मिलती है और अब जब मैदानी क्षेत्रों में ही सब वस्तुओं के दाम बढ़ गए है तो पर्वतीय क्षेत्रों में तो महंगाई ने मेहनतकश लोगों की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शन करने वालों में ऋषेंद्र महर, जावेद खान, खीमराज जोशी, सूरज कुमार, कमलेश कसन्याल, मोहन जोशी, विरेंद्र गिरी, त्रिलोक सिंह, मनोज मेहता, योगेश बिष्ट, दीपक तिवारी, रोहन सौन, ललित खड़ायत, विवेक आदि शामिल थे।