बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेसी उतरे सड़कों पर
महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: टीवी, मोबाइल फोन रिचार्ज महंगे होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने गुरुवार को प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। पार्टी ने महंगाई कम नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सिल्थाम चौराहे पर एकत्र कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर ने कहा कि प्रधानमंत्री चप्पल में घूमने वाले लोगों को हवाई जहाज की सैर कराने का दावा करते थे, लेकिन आज हवाई जहाज में बैठने वाला वर्ग भी चप्पलों में घूमने को मजबूर हो गया है। बढ़ती महंगाई से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वरिष्ठ नेता खीमराज जोशी ने कहा बमुश्किल तेल मूल्य स्थिर हुए तो अब टीवी और मोबाइल रिचार्ज की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। सब्जियों के मूल्य चरम पर हैं। अन्य वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई पर ठोस कार्रवाई के लिए शीघ्र पहल नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में हिमांशु ओझा, भुवन जोशी, भूरे मियां अंसारी, जगदीश जोशी, कार्तिक खर्कवाल, हर्षित जोशी, अभय पाल, बाब कन्याल, शहनवाज खान, जावेद खान, दिनेश बिष्ट, मनीष जोशी, दीपक बेलाल, आसिफ खान, शंकर खड़ायत, योगेश नगरकोटी, विजय कुमार, पप्पू लुंठी, सुभाष पुनेड़ा, मदन भट्ट, शंकर लाल, विरेंद्र गिरी आदि कार्यकर्ता शामिल थे। ======== प्रतिज्ञा पत्र के माध्यम से जनता की राय को घोषणा पत्र में शामिल करेगी कांग्रेस
पिथौरागढ़: कांग्रेस के प्रदेश मीडिया समन्वयक मुकेश पंत ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र इस बार बेहद महत्वपूर्ण होगा। पार्टी प्रतिज्ञा पत्र के माध्यम से जनता की आवाज को अपने घोषणा पत्र में स्थान देगी।
गुरुवार को जिला मुख्यालय में मीडिया से वार्ता करते हुए समन्वयक मुकेश पंत ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, स्थायी राजधानी, सख्त भू कानून जैसे तमाम मसलों पर कोई काम नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता में आते ही सबसे पहले प्रदेशवासियों की मंशा के अनुरू प भू-कानून तैयार करेगी। इस मुद्दे पर कांग्रेस पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गो के बीच चर्चा के बाद पार्टी प्रतिज्ञा पत्र तैयार करेगी। जिसके माध्यम से इन्हें चुनाव घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर उत्तराखंड की गृहणियों को प्रति सिलिंडर 200 रुपये की सब्सिडी देने, बेरोजगारों की समस्याओं का समाधान करने, गैरसैंण में स्थायी राजधानी जैसे मुद्दों पर ठोस पहल करेगी। वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र लुंठी मौजूद रहे।