यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गैस मूल्यों में बढ़ोतरी पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता
कुकिंग गैस मूल्यों में हुई बढ़ोतरी से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मोदी सरकार का पुतला फूंका।

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: कुकिंग गैस मूल्यों में हुई बढ़ोतरी से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। पार्टी ने गैस, तेल मूल्यों में कमी नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्ष 2014 में गैस सिलिंडर का मूल्य 350 रुपये था और आज सिलिंडर 900 रुपये के पार चला गया है। आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। गरीब वर्ग के लोग सिलिंडर नहीं खरीद पा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि यही हाल पेट्रोल और डीजल का है। तेल मूल्यों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर खाद्यान्न मूल्यों के साथ ही परिवहन पर भी पड़ रहा है। देश की गरीब जनता के लिए अब दो वक्त का भोजन जुटा पाना मुश्किल हो गया है। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई कम करने के नाम पर देश की सत्ता हासिल करने वाली भाजपा ने आज महंगाई के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। वक्ताओं ने कहा कि गैस, तेल मूल्य कम नहीं किए गए तो पार्टी उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में मथुरा दत्त जोशी, ऋषेंद्र महर, भूरे मियां अंसारी, नारायण कोहली, मनीष पांडेय, मुकेश पंत, आशीष हावर्ड, शंकर लाल, नवीन, प्रकाश देवली, शिवम पंत, पवन माहरा, खीमराज जोशी, रजत विश्वकर्मा आदि शामिल थे।
========== गैस सिलिंडर मूल्यों में बढ़ोतरी पर महिला कांग्रेस ने जताया कड़ा आक्रोश संस, पिथौरागढ़: गैस मूल्यों में हुई बढ़ोतरी पर महिला कांग्रेस ने कड़ा आक्रोश जताया है। पार्टी की वरिष्ठ नेता रेवती जोशी ने कहा है कि भाजपा सरकार लगातार कुकिंग गैस, तेल मूल्यों में बढ़ोतरी कर रही है। मूल्यों में बढ़ोत्तरी का सीधा असर खाद्यान्न पर भी पड़ रहा है। परिवहन महंगा होता जा रहा है। कोरोना की मार से पहले ही परेशान गरीब वर्ग के लिए महंगाई के इस दौर में दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि मूल्यों में शीघ्र कमी नहीं किए जाने पर महिला कांग्रेस आम महिलाओं को साथ लेकर सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।