रोडवेज के बढ़े किराये के खिलाफ कांग्रेसी गरजे
उत्त्तराखंड परिवहन की बसों में सरकार द्वारा बढ़ाए गए किराये के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
जासं, पिथौरागढ़ : उत्त्तराखंड परिवहन की बसों में सरकार द्वारा बढ़ाए गए किराये के विरोध में कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट के सम्मुख प्रदर्शन किया। पर्वतीय क्षेत्र में रोडवेज बसों का किराया बढ़ाए जाने को उन्होंने जनता का उत्पीड़न करार दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान त्रिलोक महर ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में मैदानी क्षेत्रों के लिए मात्र रोडवेज बस सेवाभर ही उपलब्ध है। सरकार द्वारा यहां पर अच्छी आरामदायक बसें तक नहीं दी है। पर्वतीय क्षेत्र की जनता को खचाड़ा बसों में लंबी यात्रा करनी पड़ती है। जनता के हितों के लिए कार्य करने का ढोल पीटने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार ने बसों का किराया बढ़ा कर जनता को परेशान किया है। 2022 में जनता सरकार को इसका प्रतिफल देगी।
युंका जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा कि सरकार शराब तो सस्ती कर रही है परंतु रोडवेज बसों का किराया बढ़ा कर आम आदमी को परेशान करने पर तुली है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार माफिया को संरक्षण और प्रोत्साहन दे रही है। इस मौके पर रोडवेज बसों का बढ़ा हुआ किराया शीघ्र वापस नहीं लिए जाने पर जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन करने वालों में मथुरादत्त्त जोशी, शुभम बिष्ट, पीसीसी दीपक लुंठी, सभासद अनिल माहरा, शाहबाज खान, कार्तिक खर्कवाल, योगेश सौन, मोनू कुमार, पवन पाटनी, कमल सूंठा, खीमराज जोशी, दीवान धानिक, कुंडल महर, बाब कन्याल, शिवम पांडेय, राजेंद्र कोहली, रोहित, कमलेश, रवि बिष्ट, सभासद सीएस मखौलिया आदि शामिल थे।