तेल मूल्यों में बढ़ोतरी से भड़के कांग्रेसी, पेट्रोल पंपों पर किया प्रदर्शन
पेट्रोल-डीजल मूल्यों में बढ़ोतरी से गुस्साए कांग्रेिसयों ने जिलेभर के पेट्रोल पंपों पर धरना दिया।
पिथौरागढ़, जेएनएन: पेट्रोल-डीजल मूल्यों में बढ़ोतरी से गुस्साए कांग्रेिसयों ने जिलेभर के पेट्रोल पंपों पर धरना दिया। राज्यसभा सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि यूपीए सरकार में तेल मूल्यों में मामूली बढ़ोतरी होने पर देशभर में हंगामा करने वाले भाजपाई आज इस मसले पर खामोश हैं। तेल मूल्यों में की गई बढ़ोतरी शीघ्र वापस नहीं लिए जाने पर कार्यकर्ताओं ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मयूख महर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नगर के टनकपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल मूल्य न्यूनतम होने के बावजूद केंद्र सरकार तेल मूल्यों में बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। सत्ता में आने पर पेट्रोल डीजल के दाम 35 रुपये प्रति लीटर करने का दावा करने वाली भाजपा आज इस मामले में खामोश है इससे इनकी कथनी और करनी का अंतर स्पष्ट है। कार्यकर्ताओं ने तेल मूल्यों में शीघ्र कमी नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, हिमांशु ओझा, पवन पाटनी, ऋषेंद्र महर, कार्तिक खर्कवाल, भुवन पांडेय आदि शामिल थे। इधर, मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंपों में प्रदर्शन कर धरना दिया। क्वीटी में प्रदर्शन का नेतृत्व नरेश द्विवेदी ने किया। थल में राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, प्रदीप पाल, धर्म सिंह सत्याल, बंशीधर भट्ट, मनोहर सिंह जंगपांगी, बृजेश सत्याल आदि शामिल थे। गंगोलीहाट, डीडीहाट में भी कांग्रेस कार्यकर्ता मूल्य बढ़ोतरी को लेकर मुखर दिखे। इधर, धारचूला में निंगालपानी स्थित पेट्रोल पंप के सम्मुख विधायक हरीश धामी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस मौके हीरा सिंह चिराल, महिला जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट, कैलाश रावत, जीवन बिष्ट, सज्जाद हुसैन आदि थे। मुनस्यारी में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर ही धरना दिया।