विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CM Dhami: गृह जनपद पिथौरागढ़ में दिखा सीएम धामी का अलग अवतार, चलाया चरखा; सिल पर पीसा नमक

Published: Wed, 17 Jan 2024 09:50 AM (GMT+05:30)

CM Dhami गृह जनपद पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काफी सहज नजर आए। रांच में पारंपरिक रूप से बनने वाला दन (कालीन) की बिनाई भी की। इतना ही नहीं दही मथने वाले बिंडा (लकड़ी का मटका) में फिरका चला कर मठ्ठा बनाया और उसका स्वाद भी लिया। जिसके लिए सीएम ने स्वयं ही सिलबट्टे पर पहाड़ी हरा नूण (नमक) पीसा।

गृह जनपद पिथौरागढ़ में दिखा सीएम धामी का अलग अवतार
गृह जनपद पिथौरागढ़ में दिखा सीएम धामी का अलग अवतार

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। गृह जनपद पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काफी सहज नजर आए। मंगलवार को देव सिंह मैदान में उन्होंने धारचूला की व्यास और दारमा घाटी के वाइब्रेंट विलेज से आई महिलाओं के साथ बागेश्वरी चरखे और कतली में ऊन की कताई की।

रांच में पारंपरिक रूप से बनने वाला दन (कालीन) की बिनाई भी की। इतना ही नहीं दही मथने वाले बिंडा (लकड़ी का मटका) में फिरका चला कर मठ्ठा बनाया और उसका स्वाद भी लिया। जिसके लिए सीएम ने स्वयं ही सिलबट्टे पर पहाड़ी हरा नूण (नमक) पीसा। जाराजिबली से पहुंचे विशाल नगाड़े को भी बजाया।

सीएम धामी ने भेंट किये स्वीकृति पत्र

मुख्यमंत्री धामी ने दीदी-बैंणी महोत्सव के दौरान बिण सिडकुल आस्थान में 253 उद्यमियों को व्यावसायिक भूखंड आवंटन के स्वीकृति पत्र भेंट किए। इस मौके पर पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन की काफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। साथ ही मिलेट से निर्मित भिटोली का भी शुभारंभ किया।

यहां की पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने नगर से लगे दो प्रमुख मंदिर चटकेश्वर और देवलसमेत जाकर पूजा-अर्चना की। उनके साथ सांसद अजय टम्टा, विधायक विशन सिंह चुफाल, फकीर राम टम्टा, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, दायित्वधारी राज्यमंत्री गणेश भंडारी, पूर्व मंत्री बलवंत भौंर्याल, ब्लाक प्रमुख सुनीता कन्याल, बबीता चुफाल, विनीता बाफिला, अर्चना गंगोला व भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी आदि मौजूद रहे।

सुरेश जोशी के आवास पर गए सीएम धामी

सीएम भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी के आवास पर भी गए। उन्होंने बीते दिनों जोशी के पिता श्याम दत्त जोशी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। महोत्सव में राम नाम की गूंज पिथौरागढ़ दौरे पर आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में राम नाम की गूंज रही। रोड शो से लेकर महोत्सव स्थल तक प्रभु श्रीराम के जय जयकार से वातावरण गुंजायमान रहा।

22 जनवरी को घर-घर दीपोत्सव बनाने की अपील

सीएम धामी ने सभी से 22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रहे रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन घर-घर में दीपोत्सव मनाने और मंदिर में भजन-कीर्तन कर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का गुणगान करने का आह्वान किया। महोत्सव में सांस्कृतिक दलों की ओर से रामभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा सुंदर रामलीला का मंचन किया गया।

राम दरबार में टेका मत्था

महोत्सव स्थल में भव्य राम दरबार भी सजाया गया था। रोड शो के बाद सीएम ने सर्वप्रथम राम दरबार में मत्था टेका। सभी पात्रों का टीका लगाया और पुष्पवर्षा के साथ आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्य मंच पर मां दुर्गा के नौ रूपों को धारण की हुई नौ कन्याओं का पूजन भी किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।