असहाय वर्ग को लॉकडाउन में मसीहा बने सक्षम लोग
पिथौरागढ़ में लॉकडाउन में मजदूर गरीब असहाय वर्ग की मदद के लिए लोग लगातार आगे आ रहे हैं।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : लॉकडाउन में मजदूर, गरीब, असहाय वर्ग की मदद के लिए लोग लगातार आगे आ रहे हैं। विभिन्न संगठनों, युवा वर्ग, शिक्षक, स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से जरू रतमंदों को हर रोज भोजन, राशन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
बुधवार को सिल्थाम, घंटाकरण, लिंकरोड क्षेत्र में गोलू पाठक, अभिमन्यु खत्री, प्रवीण उपरारी द्वारा गरीब परिवारों को राशन किट वितरित किए गए। संकल्प प्रकाश टीम द्वारा दूरदराज के गांवों में गरीबों को खाद्यान्न सामग्री व मास्क आदि बांटी गई। भाजपा नेता भूपेश पंत के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों को सेनिटाइजर व मास्क वितरित किए गए। महाविद्यालय में युवाओं की ओर से बिहारी मजदूरों को भोजन कराया गया। ऐंचोली में स्वयंसेवियों की ओर से गरीबों को राशन किट बांटे गए। कृष्णापुरी वार्ड में वार्डवासी निजी प्रयासों से गरीब, मजदूरों को खाद्यान्न सामग्री बांट रहे हैं। राजकीय शिक्षक संघ की ओर से स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में मजदूरों के लिए खाद्यान्न सामग्री तैयार की जा रही है। जाजरदेवल क्षेत्र के ओड़माथा में व्यवसायी बीरेंद्र शाह की ओर से 35 परिवारों व 14 मजदूरों को राशन उपलब्ध कराया गया। इस मौके पर डीसीबी चेयरमैन मनोज सामंत, गिरीश जोशी, बसंत जोशी, बबीता पंगरिया, रेणु बेलाल, नवीन जोशी, सिद्धार्थ जोशी, बबलू जोशी, ग्राम प्रधान मन्नू बिष्ट मौजूद रहे। उधर, धारचूला, खेला, रांथी व पांगला में एशियन स्कूल के प्रबंधक स्वामी वीरेंद्रानंद की ओर से खाद्यान्न सामग्री वितरित की गई।
डीडीहाट : यहां नगरपालिका, आरसीसी, यूथ सोसाइटी रोटी बैंक की ओर से प्रतिदिन गरीब, मजदूर वर्ग के अलावा कोरोना की जंग में लगे वारियर्स को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता भी सहयोग दे रहे हैं। नगरपालिका व पशुपालन विभाग द्वारा लावारिस जानवरों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
अस्कोट : राजकीय शिक्षक संघ के प्रवक्ता आन सिंह खोलिया ने बताया कि ओगला क्षेत्र में गरीब वर्ग के 22 परिवारों को खाद्यान्न वितरण किया गया। चौकी प्रभारी ओगला पवन कुमार जोशी की देखरेख में खाद्यान्न वितरण कार्य में शारीरिक दूरी का पूरा पालन कराया गया।
---
एसडीएम ने युवाओं से कराई उठक-बैठक
गंगोलीहाट : लॉकडाउन में मिल रही छूट के दौरान कई लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. सौरव गहरवार को सख्ती करनी पड़ रही है। बुधवार को डॉ. गहरवार ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले कई युवाओं को उठक-बैठक कराई। इधर, प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से ब्लॉक अध्यक्ष भीमराज भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर गरीबों को राशन वितरित किया जा रहा है। नगर के व्यापारियों की ओर से भी सहायक खाद्य निरीक्षक कमल किशोर टम्टा को नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।