पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में 26 से कैंडल मार्च
पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में उत्तराखंड जनरल-ओबीसी कर्मचारी संघ मुखर हो गया है।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में उत्तराखंड जनरल-ओबीसी कर्मचारी संघ लामबंद हो गया है। संगठन ने 26 फरवरी से जिला मुख्यालय में कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया है। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर आगामी दो मार्च से कलमबंद हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
रविवार को जिला मुख्यालय में लंदन फोर्ट परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष दिनेश गुरू रानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने बताया कि देहरादून में हुई रैली में पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से 12 वाहनों के साथ कार्मिकों ने बढ़-चढ़ हिस्सा लिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जोशी ने कहा कि विगत सात फरवरी को पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय का निर्णय सामान्य व ओबीसी के पक्ष में आ गया है। इसके बावजूद राज्य सरकार पदोन्नति बहाल करने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष प्रदीप भट्ट ने कहा कि सरकार न्यायालय के फैसले की भी अवहेलना कर रही है। इसके विरोध में 26 फरवरी को जिले के समस्त कार्मिक जिला मुख्यालय में रामलीला मैदान टकाना से नगरपालिका तक रैली निकालेंगे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री बिजेंद्र लुंठी ने किया। बैठक में एमसी जोशी, केएस अधिकारी, प्रकाश जोशी, ललित शर्मा, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
---
समानता मंच सेवानिवृत्त कार्मिकों को बनाएगा प्रत्याशी
अखिल भारतीय समानता मंच ने पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में पक्ष व विपक्ष से जुड़े सांसद व विधायकों द्वारा कर्मचारियों का साथ नहीं दिए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। मंच ने सवर्ण समाज के हित प्रभावित होने की दशा में आगामी 2022 के विस चुनाव में सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।