बैंक कर्मियों की हड़ताल से पिथौरागढ़ में 25 करोड़ का कारोबार प्रभावित
समान काम के लिए समान वेतन सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर पिथौरागढ़ जिलेभर के बैंक कर्मियों ने हड़ताल की।
पिथौरागढ़, जेएनएन : समान काम के लिए समान वेतन सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले भर के बैंक कर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मियों ने जगह- जगह प्रदर्शन किए। हड़ताल के चलते जिले भर में 25 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ।
जिला मुख्यालय में बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक परिसर के समक्ष एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हुई सभा के माध्यम से बैंक कर्मियों ने विशेष भत्ते को मूल वेतन में मर्ज करने, पेंशन का अपग्रेडेशन करने, पारिवारिक पेंशन में बढ़ोतरी, न्यू पेंशन स्कीम को रद्द करने, बैंकों में कारोबार अवधि एक समान करने, पांच दिवसीय बैंकिंग, समान काम के लिए समान वेतन, सेवानिवृत्ति लाभ को आयकर सीलिंग से मुक्त करने की मांग उठाई। सभा को विक्रम सिंह बिष्ट, सुनील कुमार, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, राजेंद्र सिंह धामी, अर्जुन सिंह आदि ने संबोधित किया। सभा के बाद कर्मचारियों ने काम कर रहे इक्का दुक्का बैंकों को भी बंद करा दिया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आयोजित हड़ताल शनिवार को भी जारी रहेगी। जिला लीड बैंक अधिकारी प्रद्युम्न सिंह गब्र्याल ने बताया कि बैंकों की हड़ताल से जनपद में 25 करोड़ तक कारोबार प्रभावित होने की संभावना है।
बैंकों की हड़ताल के चलते आम लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी नहीं होने के कारण तमाम लोग बैंक पहुंचे थे। बैंक बंद होने पर उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।