ऐंचोली-बड़ाबे मार्ग बना अराजक तत्वों का अड्डा, बजरंग दल ने पुलिस से की क्षेत्र में नियमित गश्त लगाने की मांग
पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ऐंचोली-बड़ाबे मार्ग अराजक तत्वों का अड्डा बन गया है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ऐंचोली-बड़ाबे मार्ग अराजक तत्वों का अड्डा बन गया है। यहां हर रोज युवाओं की टोली पहुंचकर नशीले पदार्थों का सेवन कर रही है। इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता की जा रही है। बजरंग दल ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त लगाकर अराजक तत्वों को पकड़ने की मांग की है।
बजरंग दल के जिला संयोजक सोनम पांडेय के नेतृत्व में ऐंचोली चौकी पहुंचे दल के कार्यकर्ताओं ने चौक प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि ऐंचोली-बड़ाबे सड़क पर हर रोज काफी संख्या में लोग सुबह व शाम सैर पर जाते हैं, मगर यहां उन्हें अराजक तत्वों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में अराजक तत्व लंबे समय से सक्रिय हैं, जो रोज यहां नशे का सेवन कर आए दिन लोगों के साथ अभद्रता करते नजर आते हैं। नशे की हालत में तेज गति से वाहन चलाते हैं। जिस कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अराजक तत्वों के आतंक से क्षेत्र में माहौल खराब हो गया है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त लगाने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक व कोतवाली को भी दी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय सिंह असवाल, हिम्मत रावत, बब्बू, सुरेश बजरंगी, जतिन, रवि आदि शामिल रहे।