सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
जासं पिथौरागढ़ सोशल मीडिया में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से लेकर स्थानीय नेताओं
जासं, पिथौरागढ़: सोशल मीडिया में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से लेकर स्थानीय नेताओं पर अश्लील और अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार हो गया है। युवक पिथौरागढ़ नगर से सटे मखौली गांव निवासी है।
सोशल साइट पर बेवाक आवाज नाम से बनी आइडी में भाजपा नेताओं पर छींटाकशी और अश्लील टिप्पणी करने वाले मखौली गांव निवासी हरीश चंद्र नगरकोटी को पुलिस ने दबिश देकर घर से ही गिरफ्तार किया है। इस मामले में भाजपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भाजपा ने तहरीर में कहा था कि सोशल मीडिया में उक्त युवक द्वारा ऊपर से भाजपा की सदस्यता लेने का स्लोगन लिखा जाता है और नीेचे भाजपा के राष्ट्रीय स्तर से लेकर स्थानीय बड़े नेताओं की अश्लील फोटो डाल कर टिप्पणी की जाती है।
जिस पर जिला भाजपा ने इसकी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद हरीश नगरकोटी के खिलाफ धारा 66/67 ए आइटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। युवक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की। युवक नोएडा में रहता था पुलिस की एक टीम नोएडा तक पहुंची। जहां जाने के बाद युवक के अपने घर मखौली गांव जाने की बात का पता चला। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाल ओपी शर्मा के नेतृत्व में एसआइ अनिल कुमार, संजय पूनिया, प्रियांशु जोशी, कां. मोहन बोहरा, प्रमोद खैर और ऋतु आर्या की टीम ने दबिश देकर आरोपित को घर से ही गिरफ्तार किया। आरोपित को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।
भाजपा जिला महामंत्री गिरीश जोशी ने बताया कि युवक द्वारा बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां की जाती रही हैं। जिसे देखते हुए युवक के खिलाफ भाजपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का पूरा दुरूपयोग किया जा रहा था। जिस तरह की अश्लील टिप्पणी की जा रही थी वह अक्षम्य है। उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया के नाम पर किसी पर भी अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की मांग की है।