मौसम को लेकर प्रशासन ने किया अलर्ट जारी
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: मौसम विभाग द्वारा शनिवार से जिले में मौसम को लेकर किए गए पूर्वान
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: मौसम विभाग द्वारा शनिवार से जिले में मौसम को लेकर किए गए पूर्वानुमान को लेकर प्रशासन ने जिले भर में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में वर्षा और हिमपात की संभावना जताई गई है।
जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। इस संबंध में ऊचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन की संभावना जताते हुए लोगों से बाहर नहीं निकलने , क्षेत्र में अति आवश्यक होने पर ही आवागमन करने, बर्फ गिरने पर छतों से बर्फ को हटाते रहने और अधिक बर्फबारी होने पर निचले स्थानों को आने को कहा गया है। तहसील प्रशासन, पुलिस थानों , आपदा विभाग, राजस्व विभाग को सतर्क रहने और आपस में समन्वय बनाने को कहा गया है।
उधर मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दिन में मुनस्यारी में तो धूप खिली रही परंतु उच्च हिमालय में हिमपात हुआ। ऊंची चोटियों में दिन भर हिमपात हुआ। हिमपात के चलते मुनस्यारी सहित उच्च मध्य हिमालय में तेज ठंडी हवाएं चलती रही। मुनस्यारी में तो दिन बाहर खुले में बैठ पाना तक संभव नहीं हो सका। पिछले 24 घंटे के भीतर मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री और अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। उच्च हिमालय सायं तक भी बादलों से ढका है। मौसम विभाग की चेतावनी को लेकर ऊंचाई वाले स्थानों पर रहने वाले लोग सहमे हैं।