विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आदि कैलास यात्रा परमिट जारी, धारचूला में काउंटर खुला; 1 मई से शुरू होगी यात्रा

Published: Wed, 29 Apr 2026 12:13 PM (IST)

धारचूला में आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

HighLights

  1. धारचूला में आदि कैलास परमिट जारी होना शुरू

  2. पहले दिन कोई आवेदन नहीं, श्रद्धालु जुटे तैयारी में

  3. मुख्यमंत्री धामी के यात्रा शुभारंभ में आने की संभावना

संवाद सूत्र, धारचूला। आदि कैलास, ओम पर्वत दर्शन के लिए तहसील कार्यालय में इनर लाइन परमिट जारी करने के लिए काउंटर खुल चुका है, जिसके लिए एक तहसील कर्मी तैनात कर दिया गया है। पहले दिन इनर लाइन परमिट के लिए शाम पांच बजे तक कोई आवेदन जारी नहीं हुआ है।

एक मई से शुरू हो रही यात्रा

आदि कैलास, ओम पर्वत यात्रा एक मई से आरंभ हो रही है। जिसके लिए प्रशासन ने मंगलवार से धारचूला तहसील कार्यालय में इनर लाइन परमिट के लिए अलग काउंटर खोल दिया है और एक कर्मचारी तैनात कर दिया गया है। हालांकि आज पहले दिन इनर लाइन परमिट के लिए कोई आवेदन नहीं हुआ परंतु इनर लाइन परमिट के लिए जारी एडवाइजरी के तहत श्रद्धालु औपचारिकताओं में जुटे हैं।बुधवार से आवेदन होंगे। एक मई से ही यात्री धारचूला से आगे प्रस्थान कर सकेंगे।

एक मई को आदि कैलास ,ओम पर्वत यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गुंजी आने की भी संभावना जताई जा रही है। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री से आदि कैलास यात्रा का शुभारंभ करने का अनुरोध किया गया है। आदि कैलास में तैयारियां जोरों पर हैं। कुटी के ग्रामीण तैयारियों में जुटे हैं। वहीं यात्रा मार्ग पर बूंदी, गर्ब्यांग, नलपल्यु्, गुंजी , नाबी, रौंगकोंग और कुटी में होमस्टे, होटल संचालक तैयारियों में जुटे हैं।

इनर लाइन परमिट के लिए की जाने वाली औपचारिकताएं

  • शपथ पत्र
  • मेडिकल सार्टिफिकेट सरकारी चिकित्सालय से जारी
  • यात्री के निवास स्थान से संबंधित थाने से जारी चरित्र प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड और फोटो
  • यात्री का निजी मोबाइल नंबर और परिवार के स्वजन का मोबाइल नंबर

यह भी पढ़ें- एक मई को पूजा अर्चना के साथ खुलेंगे आदि कैलास में शिवधाम के कपाट, 28 अप्रैल से जारी होंगे परमिट

यह भी पढ़ें- प्रकृति-संस्कृति का अनुभव 'आदि कैलास यात्रा' को बनाएगा यादगार, श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन और होम-स्टे की नई संभावना