कोटद्वार हाथी दांत प्रकरण, रेंजर और डिप्टी रेंजर निलंबित
हाथी दांत प्रकरण में लालढांग रेंज के रेंजर अनुराग जोशी और तत्कालीन डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित किया ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोटद्वार। वन विभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी दांत गायब होने के प्रकरण में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) अनुराग जोशी और तत्कालीन डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को भी निलंबित किया गया है।
भगवत प्रसाद इस समय भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन की गोहरी रेंज के प्रभारी रेंजर हैं। दोनों को शिवालिक वृत्त कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस प्रकरण में एक वन दारोगा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है, जबकि एक गुज्जर गिरफ्तारी हुई है। हालांकि वन विभाग अब तक चोरी किए गए दांतों को नहीं ढूंढ पाया है।
18 अक्टूबर को लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के कार्यालय परिसर में स्थित मालखाने से हाथी के पांच दांत गायब होने का मामला सामने आया था। पुलिस के साथ ही वन महकमा भी चोरी हुए दांतों की तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन अब तक कामयाबी नहीं मिली है।
दो दिन पहले पुलिस ने हरिद्वार के गैंडीखाता स्थित गुज्जर बस्ती निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को भी गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।
मुख्य वन संरक्षक (गढ़वाल) धीरज पांडे ने बताया कि विभागीय स्तर से हुई अनुशासनात्मक जांच में हाथी दांत गायब होने में रेंजर, तत्कालीन डिप्टी रेंजर, स्टोर का चार्ज संभाल रहे वन दारोगा और एक उपनल कर्मी की लापरवाही सामने आई। इधर, प्रभागीय वनाधिकारी तरुण एस. ने उपनल कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा है। (जासं)