श्रीनगर बाजार की दुकानों को किया सैनिटाइज
शुक्रवार को श्रीनगर के सभी बाजारों की दुकानों को नगरपालिका ने सैनिटाइज किया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल : शुक्रवार को श्रीनगर के सभी बाजारों की दुकानों को नगरपालिका की ओर से सैनिटाइज करवाया गया। इसमें अग्निशमन विभाग के दमकल कर्मियों ने अपने दमकल वाहन के साथ अभियान में हिस्सा लिया। जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
नगरपालिका के वरिष्ठ सफाई निरीक्षक शशि कुमार पंवार के नेतृत्व में गणेश बाजार, वीरचंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग, काला रोड, अपर बाजार, गोला बाजार क्षेत्र की दुकानों को सैनिटाइज किया गया। सभी बाजार पूर्ण बंद रहने से दुकानों को सैनिटाइज करने में दिक्कत भी नहीं आई। वरिष्ठ सफाई निरीक्षक ने कहा कि अपर बाजार स्थित सब्जी मंडी को भी पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया। सोडियम हाइपोक्लोराइड मिले पानी से यह सैनिटाइज किया जा रहा है। कहा कि जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को बाजार साप्ताहिक बंदी के दिन दमकल विभाग के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। अग्निशमन स्टेशन श्रीनगर के प्रभारी कृपाराम शर्मा ने दमकल कर्मियों का नेतृत्व किया। नगरपालिका के सफाई हैड सुपरवाइजर राजेश कुमार और मनोज, सुनील आदि सफाई कर्मी भी इस अभियान में जुटे रहे।