पौड़ी के पातल गांव में ठहरा था सलमान खान की रेकी करने वाला, हरकत में आई उत्तराखंड पुलिस
बॉलीवुड स्टार सलमान खान की रेकी करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब उत्तराखंड पुलिस हरकत में आई है।
पौड़ी, जेएनएन। बॉलीवुड स्टार सलमान खान की रेकी करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी के बाद अब उत्तराखंड पुलिस हरकत में आई है। आरोपित को हरियाणा पुलिस पौड़ी जिले के पातल गांव से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। हैरत यह है कि इसकी जानकारी न तो रेगुलर पुलिस को है और न ही राजस्व पुलिस को। पौड़ी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पी रेणुका देवी ने बताया कि उन्हें भी मीडिया से ही इसकी जानकारी मिली है। हरियाणा पुलिस ने इस बारे में स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। आरोपित पातल गांव में दो दिन ठहरा था।
उप जिलाधिकारी (सदर) श्याम सिंह राणा ने बताया कि 15 अगस्त को फरीदाबाद (हरियाणा) से पुलिस टीम पौड़ी से 12 किलोमीटर दूर पातल गांव पहुंची और आरोपित राहुल उर्फ सांगा को अपने साथ ले गई। इसका पता भी प्रशासन को मीडिया में छपी रिपोर्ट के बाद चला। इस पर जांच की गई तो पता चला कि राहुल अपने किसी दोस्त के परिचित के घर 13 अगस्त को पातल गांव पहुंचा। इस परिचित को भी राहुल के बारे में कुछ मालूम नहीं था। उसे सिर्फ इतना बताया गया कि राहुल यहां घूमने आया है।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में पबजी खेल रहे युवकों ने खाया सल्फास, मौत
उन्होंने बताया कि राजस्व पुलिस इस बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। गौरतलब है कि राहुल उर्फ सांगा ने जनवरी में मुंबई में अभिनेता सलमान खान की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि राहुल कुख्यात लारेंस विश्नोई गैंग का शार्प शूटर है।
यह भी पढ़ें: विदेश भेजने का झांसा दे चार युवकों की रकम हड़पी Dehradun News