उत्तराखंड चुनाव: कांग्रेस महासचिव राकेश राणा का BJP पर निशाना, कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील
कांग्रेस महासचिव राकेश राणा ने कीर्तिनगर में संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जुटने का आह्वान किया।

भाजपा सरकार के दस साल के शासन पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
HighLights
कीर्तिनगर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई।
राकेश राणा ने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा।
भाजपा सरकार के दस साल के शासन की आलोचना की।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को कीर्तिनगर ब्लॉक मुख्यालय में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं देवप्रयाग-नरेंद्रनगर संगठनात्मक जिले के प्रभारी राकेश राणा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार के दस वर्षों के शासन से त्रस्त है और अब परिवर्तन का मन बना चुकी है।
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। राणा ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि आस्था और धर्म के नाम पर जनता की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अवसर पर देवप्रयाग-नरेंद्रनगर के नवनियुक्त सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष रामलाल नौटियाल और मलेथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र बुटोला का स्वागत किया गया।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने दोनों पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा जताई। बैठक में मोहनानंद डोभाल, श्यामलाल आर्य, राजेंद्र सिंह चंद, रघुबीर सिंह भंडारी, डा. प्रताप सिंह भंडारी, नवीन सेमवाल, अंजना कुंवर, रजनी मेवाड़, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।