गांव में अपनी दुकान खोलकर आत्मनिर्भर बनीं पौड़ी की पूजा, हर माह कमा रही 22500 रुपये
पौड़ी के गडरी गांव की पूजा देवी ने स्वयं सहायता समूह और ग्रामोत्थान परियोजना की मदद से 'सानवी जनरल स्टोर' खोलकर आत्मनिर्भरता हासिल की है।

पौड़ी के गडरी गांव में प्रतिष्ठान में उद्यमी पूजा देवी। सूचना

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पौड़ी। पांच साल पहले जय गणेश स्वयं सहायता समूह से जुड़ने पर गडरी गांव की पूजा देवी ने ग्राम संगठन की बैठकों में जाना शुरू किया। ऐसी ही एक बैठक में उन्हें अपनी दुकान खोलने की राह मिली।
आज पोखड़ा विकासखंड के अपने गांव में वह ‘सानवी जनरल स्टोर’ चलाती हैं। दुकान पर हर महीने करीब 50 हजार रुपये की बिक्री होती है। खर्च निकालकर पूजा को लगभग 22,500 रुपये बचते हैं।
2020 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं पूजा
गृहस्थी संभाल रहीं पूजा वर्ष 2020 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। ग्राम संगठन की बैठकों में उन्हें स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी मिली। इसी दौरान वह ग्रामोत्थान परियोजना के तहत गठित सहकारिता से भी जुड़ गईं। वर्ष 2025 में एक बैठक में उन्हें व्यक्तिगत उद्यम योजना के बारे में पता चला तो उन्होंने जनरल स्टोर खोलने के लिए आवेदन किया।
दुकान शुरू करने के लिए पूजा ने तीन लाख रुपये जुटाए। इसमें 75 हजार रुपये उनका अपना अंशदान था। डेढ़ लाख रुपये का बैंक ऋण मिला और शेष 75 हजार रुपये ग्रामोत्थान परियोजना से मिले। अब दुकान का सालाना कारोबार करीब छह लाख रुपये है। इसकी आमदनी से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। पूजा समूह की अन्य महिलाओं को भी अपना काम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
ग्रामोत्थान परियोजना के जिला प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है।