आमरण अनशनकारी को जबरन उठाया, अस्पताल में भर्ती
पौड़ी में आमरण अनशन पर बैठे एक अनशनकारी को प्रशासन ने जबरन उठा लिया। जिसके बाद दो और आंदोलनकारियों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
पौड़ी, [जेएनएन]: तहसील चाकीसैण मुख्यालय में प्रशासन ने आमरण अनशनकारी को जबरन उठा लिया। अनशनकारी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में भर्ती किया गया। जहां उपचार के बाद उनका स्वास्थ्य सामान्य बताया जा रहा है। वहीं प्रशासन की कार्रवाई के बाद दो और लोगों ने आमरण अनशन शुरु कर दिया है।
दरअसल, तहसील चाकीसैण में आंदोलनकारी प्रदेश की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जहां एसडीएम माया दत्त जोशी वार्ता के लिए पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों को मार्च तक मांगों के समाधान का भरोसा दिया। लेकिन आंदोलनकारियों ने एसडीएम के आश्वासन को मानने से इंकार कर दिया। जिसके बाद प्रशासन ने रात साढ़े दस बजे आमरण अनशन कर रहे मुरारी नौडियाल को जबरन उठा लिया।
इससे नाराज आंदोलनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी। आमरण अनशनकारी नौडियाल के जयकारे भी लगाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जीतराम पोखरियाल और पीतांबर नौडियाल ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रशासन तहसील मुख्यालय छोड़ने का दबाव बना रहा है। लेकिन प्रशासन की धमकियों से आंदोलन थमने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण आंदोलन को तोड़ने की है। जिसका जनता पुरजोर विरोध करेगी।
यह भी पढ़ें: आइडिया, एयरटेल के नेटवर्क में कॉल ड्रॉप की समस्या
यह भी पढ़ें: दून अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म, मरीज परेशान