यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pauri Garhwal: गंडासू के पास चौरास-सुपाणा-धारी 100 मीटर सड़क झील में समाई, आवाजाही बंद होने से आमजन प्रभावित
Pauri Garhwal News - क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शंकर सिंह कठैत ने बताया कि श्रीनगर जलविद्युत परियोजना की अलकनंदा झील ...और पढ़ें

श्रीनगर गढ़वाल, जागरण संवाददाता: श्रीनगर जलविद्युत परियोजना की अलकनंदा नदी पर बनी झील से हो रहे भूमि कटाव से चौरास से सुपाणा से धारी लगभग छह किमी लंबी सड़क प्रभावित होने लगी है। गंडासू गांव के पास सड़क का लगभग 100 मीटर हिस्सा पूरी तरह धंसकर अलकनंदा झील में भी समा गया, जिससे भीम पानी, महरगांव सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों की जनता की आवाजाही भी मुश्किल में पड़ी हुई है। छोटे वाहनों के लिए बनी यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए यातायात का प्रमुख साधन भी है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शंकर सिंह कठैत ने बताया कि श्रीनगर जलविद्युत परियोजना की अलकनंदा झील के ठीक ऊपर से गुजर रहा यह मोटर मार्ग पानी द्वारा किए जा रहे कटाव से धंस रहा है। धंसाव को रोकने के लिए झील के तटवर्ती क्षेत्र में मजबूत सुरक्षा दीवार का तुरंत निर्माण किया जाना जरूरी भी है। शंकर कठैत ने कहा कि सड़क के धंस जाने से ग्रामीणों को पहाड़ी से पैदल होते हुए आने-जाने में भी बहुत कठिनाई और खतरे का भी सामना करना पड़ रहा है।
दस दिनों से बंद है आवाजाही
चौरास से सुपाणा-धारी मोटर मार्ग के धंस जाने और उस पर विगत दस दिनों से आवाजाही बंद हो जाने को लेकर शंकर सिंह कठैत, सोहन पांडे, महावीर पुंडीर, सुनील कठैत, लक्ष्मण सिंह, मस्तान सिंह, विक्रम सिंह, सोहन सिंह ने पीएमजीएसवाई कीर्ति नगर के अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण को सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण को लेकर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने को कहा।
शंकर कठैत ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने पहाड़ी पर कटान कर आवाजाही के लिए सड़क तैयार करने का आश्वासन दिया है। सड़क सुधारीकरण को लेकर 49 लाख का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है।
