श्रीनगर से 100 से अधिक कर्मी दून रैली में जाएंगे
जागरण संवाददाता श्रीनगर गढ़वाल पदोन्नति में आरक्षण के खिलाफ प्रदेशव्यापी महारैली में भाग ल
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: पदोन्नति में आरक्षण के खिलाफ प्रदेशव्यापी महारैली में भाग लेने के लिए श्रीनगर से 100 से अधिक कर्मचारी गुरुवार तड़के देहरादून के लिए रवाना होंगे। राजस्व विभाग के साथ ही सिचाई, लोनिवि, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के यह कर्मचारी है।
जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन की क्षेत्रीय शाखा ने बैठक कर दून में गुरुवार को आयोजित हो रही महारैली को लेकर सभी विभागों के संगठन से संबंधित प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी भी तय कर दी है। संगठन अध्यक्ष जसपाल सिंह गुसाईं की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने प्रतिभाग करते हुए पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था अभी तक समाप्त न करने पर नाराजगी जताई। संगठन के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी श्रीकृष्ण उनियाल ने कहा कि 20 फरवरी को देहरादून में आयोजित हो रही महारैली को लेकर कर्मचारियों में भारी उत्साह भी है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने के लिए सरकार को बाध्य भी करना है। एसोसिएशन के संरक्षक शिव सिंह नेगी, मुख्य संयोजक महेश गिरी, महामंत्री मनोज भंडारी, कोषाध्यक्ष संतोष पोखरियाल, संयुक्त मंत्री सौरभ नौटियाल के साथ ही मेडिकल कालेज कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राकेश रावत, महामंत्री अरुण बडोनी, नागेंद्र नौडियाल और आशाराम पुरी, कुसुम बड़थ्वाल, राजीव शर्मा, मनोजकांत उनियाल, देवानंद बहुगुणा, जूहा शिक्षक संगठन के जिला महामंत्री मुकेश काला, चंद्रमोहन बिष्ट ने भी विचार व्यक्त किए। सिचाई, स्वास्थ्य, लोनिवि, स्वजल, शिक्षा, राजस्व, कृषि, खाद्य और जलनिगम विभाग के कर्मचारी इस बैठक में शामिल हुए। मनोज भंडारी ने बैठक का संचालन किया।