पर्रीकर ने पीठसैंण से दिया था पाक को कड़ा संदेश
जागरण संवाददाता, पौड़ी: पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर पर्रीकर का पहाड़
जागरण संवाददाता, पौड़ी: पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर पर्रीकर का पहाड़ से खासा लगाव रहा। एक अक्टूबर 2016 का दिन था जब वे जनपद के दूरस्थ क्षेत्र पीठसैंण पहुंचकर न केवल यहां की जनता से रूबरूहुए बल्कि पाकिस्तान को भी दो टूक कहा कि पड़ोसी मुल्क आतंक को बढ़ावा न दे, हमारी सेना घर में घुसकर करारा जवाब देना भलीभांति जानती है। तब लोगों ने उनका तालियों से खूब स्वागत किया था। उनके निधन से क्षेत्र के अलावा जनपद मुख्यालय में भी शोक की लहर है।
एक अक्टूबर 2016 को भाजपा के तत्कालीन प्रदेश उपाध्यक्ष व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आमंत्रण पर तत्कालीन केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर थलीसैंण विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र पीठसैंण पहुंचे। यहां उन्होंने पेशावर कांड के महानायक वीरचंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्य तिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने केंद्रीय रक्षा मंत्री के दूरस्थ पीठसैंण पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत भी किया। खास बात यह कि वे ऐसे विकट परिस्थितियों में भी दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचे, जबकि इससे कुछ दिन पूर्व ही तब भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकियों के ठिकाने ध्वस्त किए थे। यहां से भी उन्होंने पड़ोसी देश को भी साफ संदेश दिया कि अब ऐसा कुछ और हुआ तो सेना और देशवासी कैसा जबाव देंगे, यह आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों को समझ लेना चाहिए। उनके इस अभिभाषण से दूर क्षेत्र में लोगों ने उनका तालियों से खूब स्वागत किया। उनके निधन से हर कोई स्तब्ध ही नहीं बल्कि शोक में है।