विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मोहम्मद दीपक' गिरफ्तार, व्यापारी ने कहा- 'सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी लिखें'...दी जान से मारने की धमकी

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:06 AM (IST)Updated: Fri, 02 Oct 2026 08:07 AM (IST)

उत्तराखंड के कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' एक बार फिर चर्चा में हैं, जब एक कपड़ा व्यापारी ने उन पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, कोटद्वार। बीते जनवरी माह में एक विवाद के दौरान स्वयं का नाम मोहम्मद दीपक बताने वाले दीपक कुमार एक बार फिर चर्चाओं में हैं। एक कपड़ा व्यापारी ने दीपक पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।

पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया है। उधर, व्यापारी को धमकाने से आक्रोशित व्यापार मंडल ने दीपक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के समझाने के बाद व्यापारियों ने अपना धरना समाप्त किया।

यह भी पढ़ें- कोटद्वार के मोहम्मद दीपक के जिम में नहीं पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेसियों ने ली राहत की सांस

सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कभी कुछ लिख दिया करें...

जनपद बिजनौर के अंतर्गत नजीबाबाद थाना क्षेत्र के कलालान मोहल्ला निवासी संजीव टांक की कोटद्वार में गंगादत्त जोशी मार्ग पर कपड़ों की दुकान है। संजीव की माने तो पिछले दिनों उज्जैन में एक मस्जिद को गिराए जाने संबंधी दीपक की पोस्ट पर उनके द्वारा टिप्पणी की गई कि सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कभी कुछ लिख दिया करें।

संजीव का आरोप है कि इस टिप्पणी से आक्रोशित दीपक गुरूवार सुबह उनकी दुकान पर आए और उन्हें धमकाया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। संजीव ने बताया कि कुछ समय पूर्व उनकी हृदय का आपरेशन हुआ है व गुरूवार को हुई घटना के कारण वे दहशत में हैं।

इधर, व्यापार मंडल को जब व्यापारी के साथ दुर्व्यवहार की जानकारी मिली तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी सहित अन्य व्यापारी संजीव की दुकान में पहुंचे। वहां से वे दीपक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली में पहुंचे और कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने व्यापारियों से वार्ता की और उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए व्यापारियों को शांत किया।

व्यापारियों का आरोप था कि दीपक आए दिन हिंदू समाज को लेकर इंटरनेट मीडिया पर विवादित पोस्ट कर रहे हैं, जिससे शहर का सांप्रदायिक सौहार्द खराब होने का भी डर बना हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने कहा कि दीपक के इंटरनेट मीडिया पर बने अकाउंट पर पुलिस नजर रख रही है। बताया कि पूर्व में भी उससे विवादित पोस्ट डिलीट भी करवाई गई।

यह भी पढ़ें- जिम में रह गए 50 मेंबर, किराया 40 हजार..., कोटद्वार के मोहम्मद दीपक के सामने छाया आर्थिक संकट

यहां से चर्चाओं में आए दीपक

बताते चलें कि 26 जनवरी को पटेल मार्ग में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्त्ताओं व दुकान स्वामी के समर्थकों में विवाद हो गया था। इस दौरान कोटद्वार में जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। हालांकि, इस दौरान दोनों पक्षों में हल्की मारपीट भी हुई।

दीपक कुमार का स्वयं को मो.दीपक बताते हुए शांति की अपील करने का वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल हुआ। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में दीपक की सराहना करते हुए उन्हें इंसानियत की मिसाल बताया। साथ ही फरवरी माह में दिल्ली स्थित अपने आवास में दीपक से मुलाकात भी की और उनके जिम में आकर सदस्यता लेने की बात कही। कई दिन तक मो.दीपक राष्ट्रीय स्तर पर छाए रहे।