विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटद्वार में सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, शहीदों को श्रद्धांजलि देने उमड़ा भारी जनसमूह

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:54 AM (IST)

गुजरात के कच्छ में हुए सड़क हादसे में शहीद हुए सैन्य जवानों और उनके परिवारों का कोटद्वार के खोह नदी तट पर पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 

कोटद्वार के सिम्मलचौड़ में नायक राजेश रावत की पत्नी रश्मि को दिलासा देते ब्रिगेडियर विनोद नेगी।जागरण

कोटद्वार के सिम्मलचौड़ में नायक राजेश रावत की पत्नी रश्मि को दिलासा देते ब्रिगेडियर विनोद नेगी।जागरण

HighLights

  1. कच्छ हादसे के सैन्य जवानों का अंतिम संस्कार।

  2. कोटद्वार के खोह नदी तट पर पूर्ण सैन्य सम्मान।

  3. विधानसभा अध्यक्ष सहित जनसमूह ने दी श्रद्धांजलि।

जागरण संवाददाता, कोटद्वार। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मारे गए सैन्य जवानों व परिवारों का सोमवार को खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। भारी तादाद में उमड़े जनसमूह ने हादसे में मारे गए लोगों को अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी सहित तमाम क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने जवानों की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए।

बताते चलें कि शनिवार को द्वितीय गढ़वाल राइफल में तैनात सौरभ नेगी व राजेश रावत परिवार के साथ घूमने के लिए भुज से कच्छ का रण गए थे। वापसी में रात करीब नौ बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार व ट्रेलर की भिड़ंत हो गई, जिसमें सौरभ व राजेश के साथ ही सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ध्रुव विहार निवासी सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30), तीन माह की बेटी शिविका के साथ ही नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) व चार वर्षीय पुत्री वमिका, नायक राजेश रावत व उनकी सात वर्षीय पुत्री रक्षिता शामिल थे।

सोमवार सुबह करीब आठ बजे सभी शवों को गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के कौड़िया स्थित कैंप में लाया गया, जहां से सेना के विशेष वाहन द्वारा शवों को पैतृक आवासों में भेजा गया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने आवासों में पहुंच हादसे में मारे गए लोगों के शवों पर पुष्प अर्पित किए।

दोपहर करीब एक बजे सभी शवों को पूर्ण सम्मान के साथ खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम में लाया गया। जहां सैन्य टुकड़ी ने पांच राउंड फायर कर मारे गए जवान सौरभ नेगी व राजेश रावत को अंतिम सलामी दी। इस मौके पर भारी तादाद में जनसमूह मौजूद रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।