विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

78 साल का इंतजार खत्म, 10 करोड़ की लागत से बना कोटद्वार डिपो का नया बस अड्डा

Published: Fri, 16 Oct 2026 04:52 PM (IST)

कोटद्वार डिपो को 78 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपना बस अड्डा मिल गया है। नए भवन में ...और पढ़ें

कोटद्वार में परिवहन निगम का डिपो

कोटद्वार में परिवहन निगम का डिपो

HighLights

  1. 78 साल बाद कोटद्वार डिपो को मिला अपना बस अड्डा।

  2. नया भवन तैयार, कार्यालय नए परिसर में स्थानांतरित।

  3. विधायक रितू खंडूरी के प्रयासों से 10 करोड़ का निर्माण।

जागरण संवाददाता, कोटद्वार। करीब 78 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो को अपना बस अड्डा मिल गया है। डिपो के नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद पुराने भवन को जमींदोज कर दिया गया और कार्यालय नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही नए बस अड्डे की तस्वीर भी साफ नजर आने लगी है। फिलहाल बस अड्डे के प्लेटफार्म का निर्माण कार्य जोरों पर है।

कोटद्वार में परिवहन निगम का डिपो पहली बार साल 1948 में खुला था। भूमि के अभाव में डिपो का बस अड्डा नहीं बन पाया और बसों का संचालन स्टेशन रोड स्थित डिपो की कार्यशाला से शुरू कर दिया गया, जो कुछ समय पूर्व तक बदस्तूर जारी रहा।

15 गाड़ियों की क्षमता वाली इस कार्यशाला में शुरुआती दौर में बसों का संचालन भले ही सही ढंग से होता रहा हो, लेकिन बसों की संख्या बढ़ने के साथ उन्हें खड़ा करना चुनौतीपूर्ण होता चला गया।

वर्तमान में डिपो के पास 50 से अधिक बसों का बेड़ा है। कार्यशाला में पर्याप्त जगह न होने के कारण बसों को सड़क पर खड़ा करना डिपो प्रशासन की मजबूरी थी।

10 करोड़ की धनराशि से बना नया बस अड्डा

क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष रितू खंडूरी भूषण के प्रयासों से शासन ने कोटद्वार डिपो के कार्यालय व बस अड्डे के निर्माण के लिए करीब 10 करोड़ की धनराशि जारी करवायीं थी। मार्च 2024 में निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ था और अब बस अड्डे का कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य के चलते फिलहाल डिपो की कार्यशाला खूनीबड़ स्थित कृषि मंडी परिसर में संचालित हो रही है।

नए भवन का निर्माण होने के बाद पुराने भवन को जमींदोज कर दिया गया है। कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो गया है। नए बस अड्डे का प्लेटफार्म भी जल्द बनकर तैयार हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- हरियाणा: टोहाना से सूरतगढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों का बचेगा 15 KM का सफर; चेक करें रूट-किराया