विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वाल राइफल्स वार मेमोरियल: 719 वीरों की शौर्य गाथा को नए रंगरूटों का सलाम, प्रथम विश्व युद्ध में हुए थे बलिदान

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:33 PM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2026 04:44 PM (IST)

लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स युद्ध स्मारक प्रथम विश्व युद्ध के 719 वीरगति प्राप्त गढ़वाली सैनिकों की स्मृति में 11 नवंबर 1923 को स्थापित किया गया था।

प्रथम विश्व युद्ध में बलिदान हुए 719 गढ़वाली सैनिकों की स्मृति में हुआ था निर्माण।

प्रथम विश्व युद्ध में बलिदान हुए 719 गढ़वाली सैनिकों की स्मृति में हुआ था निर्माण।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अनुज खंडेलवाल, लैंसडौन। देवभूमि उत्तराखंड के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान की गाथा समेटे गढ़वाल राइफल्स का युद्ध स्मारक रेजिमेंट की गौरवशाली सैन्य परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।

11 नवंबर 1923 को स्थापित यह स्मारक केवल पत्थर और कांस्य से बनी संरचना नहीं, बल्कि प्रथम विश्व युद्ध के बलिदान हुए 719 गढ़वाली सैनिकों की स्मृतियों का भी केंद्र है।

स्मारक के केंद्र में स्थापित अदम्य गढ़वाली सैनिक की कांस्य प्रतिमा व दीवारों पर अंकित बलिदानियों के नाम आज भी भावी पीढ़ी को देशभक्ति व कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं। 11 नवंबर 1923 को भारत के तत्कालीन कमांडर इन चीफ लार्ड रालिंसन आफ ट्रेंट ने लैंसडौन में वार मेमोरियल का अनावरण किया था।

लैंसडौन का यह युद्ध स्मारक आज भी हर सैनिक और यहां आने वाले व्यक्ति को गौरव व कृतज्ञता की अनुभूति कराता है। यह स्मारक गढ़वाल राइफल्स की 139 वर्षों की गौरवशाली सैन्य परंपरा का भी साक्षी है।

फ्रांस में स्थापित होना था स्मारक

गढ़वाल राइफल्स के युद्ध स्मारक की स्थापना का प्रयास वर्ष 1919 में शुरू हुआ था। प्रथम विश्व युद्ध में शहादत देने वाले 719 गढ़वाली सैनिकों के सम्मान में रेजिमेंट की ओर से 2700 पाउंड की धनराशि एकत्र की गई थी। मूल रूप से इस स्मारक को फ्रांस के न्यूव चैपल में स्थापित करने की योजना थी।

फ्रांसीसी सरकार से व्यक्तिगत रेजिमेंटल स्मारकों की अनुमति न मिलने के कारण इसे लैंसडौन में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। आखिरकार 11 नवंबर 1923 को आर्मीस्टिस डे के अवसर पर भारत के तत्कालीन कमांडर-इन-चीफ लार्ड रालिंसन आफ ट्रेंट ने कालूडांडा की पहाड़ी पर इसका अनावरण किया।

कांस्य प्रतिमा में जीवंत है गढ़वाली सैनिक का शौर्य

स्मारक के केंद्र में स्थापित गढ़वाली राइफलमैन की कांस्य प्रतिमा इसकी सबसे बड़ी पहचान है। इंग्लैंड के चेल्सी निवासी मूर्तिकार एलएस मेरीफील्ड ने इसे तैयार किया था। प्रतिमा के निर्माण पर 650 पाउंड खर्च किए थे। इसे वास्तविक स्वरूप देने के लिए मेरीफील्ड ने फ्रांस के युद्ध क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले सैन्य उपकरणों व गढ़वाली सैनिकों की तस्वीरों का गहन अध्ययन किया था।

प्रतिमा की विशेषता यह है कि अलग-अलग कोणों से देखने पर सैनिक की मुद्रा में शांति, सतर्कता व युद्ध के लिए तत्पर रहने का भाव दिखाई देता है। मानो यह वीर सैनिक आज भी रेजिमेंट की आन-बान और शान की पहरेदारी कर रहा हो।

1600 रुपये में बनी थी 22 फीट ऊंची दीवार

वर्ष 1926 में स्मारक के स्वरूप में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया। कांस्य प्रतिमा जंगलों की गहरी छाया में स्पष्ट दिखाई नहीं देती थी। ऐसे में प्रतिमा के पीछे 22 फीट ऊंची सफेद दीवार का निर्माण कराया गया, ताकि प्रतिमा की दृश्यता बढ़ाने के साथ शहीदों के नाम भी अंकित किए जा सके।

स्थानीय सहयोग से बनी इस दीवार का निर्माण श्री हर लाल ने महज 1600 रुपये में किया था। उनका परिवार वर्ष 1887 में अल्मोड़ा से रेजिमेंट के मार्च के समय से ही उसके साथ जुड़ा था। दीवार के निर्माण में नार्थ माल से निकाले गए पत्थरों और मैनवारिंग लाइन्स के दक्षिण की पहाड़ी से लाई गई फर्श की स्लैब का इस्तेमाल किया गया था।

दीवारों व शहीद कुटीर में सुरक्षित हैं वीरों के नाम

यह स्मारक वर्ष 1887 में रेजिमेंट की स्थापना से लेकर आज तक देश सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले गढ़वाली सैनिकों को नमन करता है। दीवार के सामने की ओर द्वितीय विश्व युद्ध तक के शहीदों के नाम अंकित हैं, जबकि पिछले हिस्से में वर्ष 2003 तक के शहीदों के नाम कांस्य पट्टिकाओं पर दर्ज हैं।

दीवार के दोनों ओर स्थान भर जाने के बाद वर्ष 2003 में स्मारक के पूर्वी हिस्से में शहीद कुटीर का निर्माण कराया गया, जहां इसके बाद शहादत देने वाले सैनिकों के नाम अंकित किए गए।

नए रंगरूट लेते हैं शपथ

युद्ध स्मारक का महत्व केवल इतिहास को संजोने तक सीमित नहीं है। यह रेजिमेंट की सैन्य परंपराओं व भावी सैनिकों के संकल्प का भी केंद्र है।

सेना की ट्रेनिंग का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद नए रंगरूट इसी ऐतिहासिक स्मारक के सानिध्य में देश की रक्षा व रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने की शपथ लेते हैं।

उनके सामने अंकित शहीदों के नाम इस बात का अहसास कराते हैं कि सैनिक की वर्दी केवल सम्मान नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण, अनुशासन व सर्वोच्च बलिदान का संकल्प है।

महाभारत का श्लोक देता है वीरता व अमरता का संदेश

स्मारक की पिछली दीवार पर महाभारत के शांति पर्व का संस्कृत श्लोक अंकित है। ‘आहवे तु हतं शूरं न शोचेत कथंचन। अशोच्यो हि हतः शूरः स्वर्गलोके महीयते’ इसका भावार्थ है कि युद्धभूमि में वीरगति प्राप्त करने वाले योद्धा का शोक नहीं करना चाहिए, क्योंकि वीर योद्धा अपने बलिदान से अमर हो जाता है।

स्मारक पर अंकित ‘बदरीनाथ की जय’ का उद्घोष और रेजिमेंट का युद्धघोष ‘बदरी विशाल लाल की जय’ इसकी गौरवशाली परंपरा और आस्था को दर्शाता है।

“युद्ध स्मारक किसी भी रेजिमेंट की आत्मा व उसकी पहचान होते हैं। गढ़वाल राइफल्स का यह स्मारक हमें सदैव याद दिलाता है कि हमारी रेजिमेंट की गौरवशाली परंपरा कितने बलिदानों व वीरता की नींव पर खड़ी है। यहां आने वाला हर सैनिक अपने भीतर देश के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प लेकर लौटता है। हमारे वीरों का शौर्य और बलिदान ही हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा और सैन्य विरासत है। - ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स लैंसडौन

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: इस गांव में हर दूसरे परिवार से एक व्यक्ति सेना में; प्रथम विश्व युद्ध में 22 सैनिकों ने दिखाई वीरता

यह भी पढ़ें- प्रथम विश्व युद्ध में जर्मन सेना से लड़ते हुए गबर सिंह नेगी ने दिखाया था अदम्य साहस, बलिदान दिवस पर किया याद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।