गढ़वाल और कोपेन हेगन विवि मिलकर करेंगे शोध
जागरण संवाददाता श्रीनगर गढ़वाल गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर और कोपेन हेगन विश्वि
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल:
गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर और कोपेन हेगन विश्वविद्यालय डेनमार्क अब हिमालयी क्षेत्र के जलीय जैव विविधता के क्षेत्र में मिलकर संयुक्त रूप से उच्च स्तरीय शोध कार्य करेंगे। गढ़वाल केंद्रीय विवि की कुलपति प्रोफेसर अन्नपूर्णा नौटियाल की मौजूदगी में दोनों विवि के प्रोफेसर ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
शुक्रवार को गढ़वाल विवि चौरास परिसर में आयोजित समारोह में गढ़वाल विवि की ओर से वरिष्ठ जंतु विज्ञानी प्रोफेसर प्रकाश नौटियाल और कोपेन हेगन विवि डेनमार्क के प्रोफेसर नील क्रोअर ने मैमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिग (एमयओयू)पर हस्ताक्षर किए। गढ़वाल विवि के जंतु और जैव प्रौद्योगिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. प्रकाश नौटियाल इंडियन डेनिस नेटवर्क शोध परियोजना के भारतीय प्रतिनिधि भी हैं। एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद अब दोनों विश्वविद्यालयों के शोध छात्र और फैकल्टियां संबंधित विषय क्षेत्र में अपने शोध अनुभव और जानकारियों को साझा भी करेंगे। गढ़वाल केंद्रीय विवि की कुलपति प्रोफेसर अन्नपूर्णा नौटियाल ने डेनमार्क विवि के साथ हुए एमओयू को महत्वपूर्ण और छात्रों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे गुणात्मक शोध को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जलीय जैव विविधता को लेकर कई नई जानकारियां भी सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि इस शोध परियोजना को लेकर अब पांच साल की कार्ययोजना बनाई जा रही है। गढ़वाल केंद्रीय विवि श्रीनगर के साथ ही कोपेन हेगन विवि डेनमार्क के शोध छात्र-छात्राओं के साथ ही फैकल्टी मैंबर भी अकादमिक और शोध विनिमय को लेकर एक-दूसरे के संस्थान में आकर कार्य करेंगे।