अनशनकारियों के समर्थन में 155 महिलाओं का उपवास
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल श्रीनगर जलविद्युत परियोजना के प्रभावितों की 1
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल
श्रीनगर जलविद्युत परियोजना के प्रभावितों की 18 मांगों को लेकर कीर्तिनगर के रामलीला मैदान में प्रभावितों का धरना प्रदर्शन आंदोलन रविवार को भी जारी रहा। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर की भूख हड़ताल रविवार को 26 वें दिन और ओमप्रकाश थपलियाल की भूख हड़ताल 11 वें दिन भी जारी रही। रविवार को दौलत कुंवर ने सीने में हल्के दर्द के साथ ही सांस लेने में कठिनाई भी बताई। आमरण अनशनकारियों के समर्थन में प्रभावित परिवारों की 155 महिलाओं ने भी अनशन स्थल पर एक दिन का उपवास किया। संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता पांडे और संरक्षक सरस्वती ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने एएचपीसी कंपनी ने उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। आमरण अनशनकारी दौलत कुंवर ने कहा कि सरकार की ढिलाई के कारण ही आंदोलन को अब उग्र करने के लिए भी विवश किया जा रहा है। एक आमरण अनशनकारी गिरीश बहुगुणा को बीते शनिवार देर सांय तबियत खराब होने के कारण कीर्तिनगर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
कीर्तिनगर के रामलीला मैदान में परियोजना प्रभावितों के आंदोलन स्थल पर रविवार को भी बड़ी संख्या में प्रभावित पहुंचे थे। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एएचपीसी कंपनी प्रभावितों की 18 मांगों को पूरा करने को लेकर गुमराह कर रही है। जब तक मांगें पूर्ण नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा। मढ़ी से जिला पंचायत सदस्य डॉ.उत्तम भंडारी, हिमालय बचाओ आंदोलन के समीर रतूड़ी, सुपाणा के प्रधान लखपत रावत, अनीता पांडे, सरस्वती आदि ने भी विचार व्यक्त किए। विमला देवी, गीता देवी, शांति देवी, लक्ष्मी देवी, आरती देवी, रीना देवी, संतोषी देवी, सोना देवी, पुष्पा देवी, सीता देवी, रजनी देवी, सुंदरी देवी, उषा देवी आदि महिलाएं मौजूद थी।