आग से बचाव के बताए तरीके
कोटद्वार अग्निशमन विभाग की ओर से अग्निसुरक्षा सप्ताह के तहत चलाए गए अभियान के दौरान पेट्रो
कोटद्वार : अग्निशमन विभाग की ओर से अग्निसुरक्षा सप्ताह के तहत चलाए गए अभियान के दौरान पेट्रोल पंप सहित अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आग से बचाव के तरीके बताए गए। इस दौरान टीम ने कर्मचारियों से अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
अग्निशमन प्रभारी बनवारी सिंह के नेतृत्व में टीम ने नगर निगम क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने कर्मचारियों को जागरूक करते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों के जागरूक होने से आग लगने की कई घटनाओं को आसानी से रोका जा सकता है। कहा कि बीड़ी, सिगरेट पीने के बाद उसे इधर-उधर न फेंके। अधिकांश आग की घटनाएं शॉर्ट सर्किट से होती है, इसलिए प्रतिष्ठानों को बंद करते समय पावर सप्लाई बंद कर दें। यदि कहीं भी आग लगने की घटना होती है तो इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दें। टीम ने प्रतिष्ठानों के स्वामियों को प्रतिष्ठानों में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र लगाने को कहा। इस मौके पर अशोक कुमार, रणदीप सिंह, कृपा राम शर्मा, भगत सिंह, राहुल थापा, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। (संस)