चोपड़िया मलेथा में स्टोन क्रशर नहीं बनाया जाए
चोपड़िया मलेथा में प्रस्तावित स्टोन क्रशर खोलने की अनुमति रद कर दी है।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: चोपड़िया मलेथा में प्रस्तावित स्टोन क्रशर खोलने की अनुमति रद की जाए। उत्तराखंड छात्र संगठन श्रीनगर के पूर्व नगर अध्यक्ष संदीप रावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से यह मांग करते हुए कहा कि प्रस्तावित स्टोन क्रशर अलकनंदा नदी तट से लगभग 30 मीटर की दूरी पर ही लगाया जा रहा है। उस क्षेत्र में आम और अन्य फलदार पेड़ भी काफी संख्या में हैं और कुछ ही दूरी पर प्राकृतिक जल स्त्रोत भी है। इसी मुद्दे को लेकर उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
उत्तराखंड छात्र संगठन श्रीनगर के पूर्व अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि इस स्थान पर स्टोन क्रशर के संचालन से वातावरण भी प्रदूषित हो जाएगा और पानी के प्राकृतिक स्रोत भी समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में भी आंदोलन के बाद जांच में निर्धारित मानक पूर्ण नहीं होने पर स्टोन क्रशर को दी गई स्वीकृति निरस्त कर दी गई थी।